रुड़की में झमाझम वर्षा से 7.5 डिग्री गिरा पारा, उमस भरी गर्मी से मिली बड़ी राहत
रुड़की में पांच दिन के इंतजार के बाद हुई झमाझम वर्षा से मौसम सुहावना हो गया। इससे अधिकतम तापमान में 7.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लो ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
रुड़की में पांच दिन बाद हुई झमाझम वर्षा
अधिकतम तापमान में 7.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
उमस भरी गर्मी से लोगों को मिली बड़ी राहत
जागरण संवाददाता, रुड़की। पांच दिन के लंबे इंतजार के बाद हुई झमाझम वर्षा ने शहर के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। वर्षा होने से महज एक ही दिन में अधिकतम तापमान में 7.5 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई।
आसमान में काले बादलों के डेरा डालने और तेज बौछारें पड़ने से लोगों को पिछले कई दिनों से बेहाल कर रही उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
गर्मी और उमस के लिहाज से शुक्रवार का दिन शहरवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया, हालांकि सुबह के समय मौसम साफ था और तेज धूप खिली हुई थी, जिससे लोग परेशान थे।
दोपहर करीब एक बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में काले घने बादल छा गए। सवा एक बजे के बाद पहले हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई और फिर देखते ही देखते झमाझम वर्षा होने लगी।
करीब आधे घंटे तक हुई इस वर्षा से पूरा शहर सराबोर हो गया। मौसम विभाग के अनुसार शहर में 15 मिमी वर्षा रेकार्ड की गई है। वर्षा थमने के बाद भी आसमान में बादलों का पहरा बना रहा, जिससे मौसम सुहावना रहा।
वर्षा के बाद हवाओं में आई ठंडक से गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर सीधे 29 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
यह तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में आई इस अचानक गिरावट से लोगों ने चैन की सांस ली है।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार, अभी मौसम का यह रुख बरकरार रहने वाला है।
मौसम विभाग ने हरिद्वार जिले में शनिवार और रविवार को तेज आंधी-तूफान आने और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। ऐसे में आने वाले दो दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में अगले तीन घंटे खतरनाक! भारी बारिश और आंधी तूफान का अलर्ट
यह भी पढ़ें- देहरादून में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: शनिवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद