रुड़की में सम्मोहन का शिकार युवक, ठगों ने खाते से उड़ाए 95 हजार रुपये
रुड़की में रिश्तेदारी जा रहे एक युवक को दो ठगों ने सम्मोहित कर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। उन्होंने युवक का मोबाइल लेकर उसके खाते से 95 हजार रुपये दूसरे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
युवक को सम्मोहित कर ठगों ने गाड़ी में बैठाया
मोबाइल से 95 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए
पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जांच जारी
जागरण संवाददाता, रुड़की। रिश्तेदारी में जा रहे युवक को सम्मोहित कर दो लोगों ने गाड़ी में बैठा लिया और उसका मोबाइल लेकर दूसरे खाते में 95 हजार की रकम ट्रांसफर कर खाता खाली कर दिया।
जाते जाते आरोपित मोबाइल भी साथ ले गए। सुध में आने पर युवक ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस रोडवेज बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के बेहट रोड स्थित तेलीपुर निवासी अंकुश कुमार की रुड़की सिविललाइंस कोतवाली क्षेत्र के कान्हापुर गांव में रिश्तेदारी है।
शुक्रवार सुबह वह रिश्तेदारी में जाने के लिए सहारनपुर से रोडवेज बस में सवार हुआ था। रोडवेज बस स्टैंड पर उतरने के बाद वह कान्हापुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था।
इसी बीच वहां पर उसे दो लोग मिले। उसने दोनों से कान्हापुर जाने का रास्ता पूछा। इस पर उन्होंने उसे कहा कि आगे जाने पर उसे कान्हापुर जाने की सवारी मिलेगी।
उन्होंने आगे छोड़ने की बात कहते हुए उसे अपनी कार में बैठा लिया। कुछ दूर जाने पर युवकों ने उसे बातों में उलझाकर सम्मोहित कर लिया। एक युवक ने उससे मोबाइल ले लिया। साथ ही उसे सम्मोहित कर उसका पासवर्ड पूछ लिया।
उसने मोबाइल से दूसरे खाते में 95 हजार की रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद उसका मोबाइल भी ले लिया। आगे जाने पर उन्होंने उसे कार से उतार दिया। उनकी बातों का अंकुश कुमार कोई विरोध नहीं जता पाया।
कुछ देर बाद उसे सुध आई तो उसने शोर मचा दिया। इस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। लेकिन, तब तक आरोपित वहां से फरार हो चुके थे। इसके बाद पीड़ित सिविललाइंस कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।