हरिद्वार में गंगा घाट से अपहृत बच्ची 4 घंटे में बरामद, पुलिस कर रही आरोपित की तलाश
हरिद्वार में मायापुर गंगा घाट से गुरुवार रात दो साल की बच्ची का अपहरण हो गया। एसएसपी नवनीत सिंह ने पांच टीमें गठित कर जिले भर में अलर्ट जारी किया। पुल ...और पढ़ें

हरिद्वार के तुलसी चौक स्थित फुटपाथ से चोरी हुई दो वर्ष की बच्ची को पुलिस ने चार घंटे के अंदर बरामद किया।
HighLights
मायापुर गंगा घाट से दो साल की बच्ची का अपहरण।
पुलिस की पांच टीमों ने 4 घंटे में बच्ची को ढूंढा।
आरोपित फरार, सीसीटीवी फुटेज से पहचान जारी।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। शहर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर स्थित तुलसी चौक के पास गंगा घाट किनारे मां के साथ सो रही दो साल की मासूम को गुरुवार देर रात अज्ञात व्यक्ति उठा ले गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए पांच टीमें गठित की। शहर से लेकर जिले की सीमाओं तक अलर्ट के बीच आरोपित आखिरकार बच्ची को छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने मासूम को बरामद करते हुए आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
एसपी सिटी कार्यालय में प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान मामले का पर्दाफाश करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के सांडी क्षेत्र की रहने वाली महिला पिछले दो वर्षों से हरिद्वार में रहकर भिक्षावृत्ति के जरिए गुजर-बसर कर रही है। उसके पति का डेढ़ वर्ष पूर्व निधन हो चुका है।
पिछले तीन माह से वह मायापुर क्षेत्र में गंगा किनारे अपनी दो वर्षीय बच्ची के साथ रात्रि विश्राम कर रही थी। गुरुवार देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने मासूम को उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह की अगुवाई में शहर कोतवाली पुलिस, एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) और एसओजी की संयुक्त पांच टीमें गठित कर दीं।
संवेदनशील स्थानों, अंतरराज्यीय सीमाओं, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर तुरंत अलर्ट जारी कर दिया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध साया बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दिया है।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस की लगातार दबिश और सक्रियता के चलते आरोपित पर दबाव बढ़ता गया। इसी दबाव के चलते कथित अपहरणकर्ता बच्ची को छोड़कर फरार हो गया।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे बच्ची ऋषिकुल चौक के पास सड़क किनारे घूमती हुई मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
बताया कि गिरफ्तारी के बाद ही बच्ची को उठाने के पीछे की मंशा स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मासूम सुरक्षित है।
पर्दाफाश करने वाली टीम में शहर कोतवाल रितेश शाह, वरिष्ठ उप निरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, मायापुर चौकी प्रभारी आशीष नेगी आदि शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंदा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
यह भी पढ़ें- हरिद्वार में बिजली चोरी पकड़ने गई ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम को लोगों ने घेर का पीटा, हंगामा