कार्बेट पार्क में जाली परमिट बेचकर ठगी, एजेंट पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
रामनगर में कार्बेट नेशनल पार्क के लिए जाली सफारी परमिट बेचने वाले एक कथित बुकिंग एजेंट फरमान अली के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। ...और पढ़ें

पर्यटकों से एडवांस पैसे मंगवाकर जाली परमिट बनाता था रामनगर का फरमान. File

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रामनगर। कार्बेट नेशनल पार्क घूमने के लिए सफारी का जाली परमिट बेचने वाले कथित बुकिंग एजेंट के विरुद्ध विभाग ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपित बार-बार पर्यटकों को जाली परमिट बेचकर पैसे ठग रहा था। पहले भी आरोपित की शिकायत पुलिस में हो चुकी है।
रामनगर के मोहल्ला शक्तिनगर निवासी फरमान अली उर्फ (फरमान-नोशु) पुत्र साजिद अली खुद को अधिकृत बुकिंग एजेंट बताता है। कार्बेट की जांच में सामने आया है कि आरोपित फरमान पर्यटकों के साथ सुनियोजित रूप से धोखाधड़ी कर उन्हें गुमराह करते हुए आर्थिक नुकसान पहुंचाता है। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म में फेसबुक आईडी Corbettvender (कार्बेट वेंडर) वेबसाइट www.naijaungleisafari.com तथा इंस्टाग्राम आइडी naija_jungle_safari के माध्यम से कार्बेट में रात्रि विश्राम और सफारी बुकिंग के नाम पर आरोपित पर्यटकों को भ्रमित करता था।
निजी बैंक खाते में मंगवाता था रुपए
आरोपित फरमान पर्यटकों को विश्वास में लेकर अपने निजी बैंक खाते में आनलाइन माध्यम से अग्रिम धनराशि मंगा लेता था। इसके बाद कार्बेट के नाम से फर्जी परमिट थमा देता था। आरोपित के विरुद्ध दिल्ली निवासी निखिल मेहरा ने भी कोतवाली में शिकायत की थी। इसके साथ ही पुणे, महाराष्ट्र की हेमांगी विक्रांत वर्तक से भी 1.20 लाख रुपये का पैकेज निर्धारित कर 20 हजार एडवांस लिए और फर्जी परमिट थमा दिया।
पर्यटक को कार्बेट पहुंचने पर जाली परमिट मिलने की बात पता चली। कार्बेट के वन क्षेत्राधिकारी, इको टूरिज्म यूनिट ललित मोहन आर्य की ओर से शुक्रवार को कोतवाली पहुंचकर आरोपित फरमान के विरुद्ध तहरीर दी है। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि आरोपित फरमान के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।