नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: नैनी झील का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन सतर्क
मंगलवार को नैनीताल में घने कोहरे के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जिससे नैनी झील का जलस्तर 84 फीट पहुंच गया। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी ...और पढ़ें

नैनीताल में छाया कोहरा। जागरण।
HighLights
नैनीताल में मंगलवार को घने कोहरे संग मूसलाधार बारिश हुई।
नैनी झील का जलस्तर 84 फीट पहुंचा, 25 मिमी वर्षा दर्ज।
डीएम ने विभागों को अलर्ट रहने, मलबा हटाने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, नैनीताल। सरोवर नगरी में मंगलवार को घने कोहरे की रिमझिम बरसात देखने को मिली। इससे तड़के तीन बजे ऑरेंज अलर्ट का असर मूसलाधार बारिश के रूप में देखने को मिला। मौसम विभाग ने बुधवार को भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पूरे दिन अजब-गजब रहा मौसम
नगर में मंगलवार को पूरे दिन मौसम अजीबो गरीब रहा। कोहरे की हल्की रिमझिम बारिश पूरे दिन होती रही। सायंकाल चार बजे बाद हो कोहरा छंट पाया। इससे पूर्व तड़के जबरदस्त पानी बरसा है, तीन बजे शुरू हुई बारिश छः बजे तक जारी रही। इस बीच नाले उफान रहे और सात नंबर के कुछ घरों में पानी भी घुस गया।
ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार मानसून सक्रिय है और बुधवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिस कारण हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि कुछ स्थानों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। इधर नैनी झील का जलस्तर 84 फीट पहुंच गया है और पिछले 24 घंटे में 25 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भारी वर्षा की चेतावनी पर डीएम ने विभागों को दिये अलर्ट रहने के निर्देश
मौसम विभाग ने बुधवार को जिले में वर्षा का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। ऐसे में डीएम ललित मोहन रयाल ने विभिन्न विभागों के आदेश जारी करते हुए अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिये है। डीएम ने कहा है कि वर्षा के दौरान सड़कों पर मलबा आने पर त्वरित उसका निस्तारण किया जाए। उन्होंने लोनिवि अधिकारियों को संवेदनशील मार्गों में 24 घंटे बुलडोजर व गैंग को तैनात रखने के निर्देश दिये है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, बुधवार को बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र
24 घंटे मोबाइल नंबर खुले रखने व क्यूआरटी टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश
डीएम ने अधिकारियों को अलर्ट रहते हुए 24 घंटे मोबाइल नंबर खुले रखने व क्यूआरटी टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिये है। कहा है कि आपातकालीन स्थिति से प्रभारी रूप से निपटने के लिए जरूरी संसाधन पहले से ही जुटा लिए जाए, जिससे जरूरत पड़ने पर राहत व बचाव कार्य चलाया जा सके।