उत्तराखंड के हल्द्वानी में फैंसी नंबरों की नीलामी: 0001 नंबर लाखों में बिका, 0786 को नहीं मिला कोई ग्राहक
हल्द्वानी में फैंसी नंबरों की नीलामी में 0001 नंबर 5.03 लाख में बिका, पर 0786 नंबर को ग्राहक नहीं मिला। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबर को लेकर लोगों के जमकर पैसे खर्च करने से परिवहन विभाग की आय बढ़ रही है लेकिन एक नंबर ऐसा है। जिसे आनलाइन बोली में ग्राहक ही नहीं मिला।
0786 नंबर पिछले साल हुई नीलामी में भी पिछड़ गया था। इस बार भी यही स्थिति है। जबकि पहले मुस्लिम वाहनस्वामियों में इस नंबर को पाने के लिए खासा उत्साह नजर आता था। एक लाख बेस प्राइज होना भी इसकी एक वजह है।
वहीं, आरटीओ प्रशासन डा. गुरदेव सिंह का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद दोबारा नीलामी शुरू होगी। बचे नंबरों के आवंटन को लेकर महीने में दो बार बोली लगाई जा सकती है।
वाहनों के मनपसंद नंबर लेने को लेकर लोगों में अलग-अलग मत है। किसी को पुरानी गाड़ी का नंबर चाहिए तो कोई अंकों के गणित के आधार पर पसंद तय करता है।
बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी हैं जो कुंडली के शुभ अंक और ज्योतिष की राय के आधार पर नंबर लेने की कोशिश करते हैं। जिससे परिवहन विभाग के राजस्व में भी बढ़ोतरी होती है।
यही वजह है कि नंबरों की सीरिज खुलने पर आनलाइन बोली सिस्टम को अपनाया गया है। जिसमें पहले से नंबरों का बेस प्राइज तय होता है। यानी इससे कम रुपये पर नंबर का आवंटन नहीं होगा।
रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर दो हजार से एक लाख तक बेस प्राइज रखा गया है। 0001 और 0786 दो ही नंबर ऐसे हैं। जिनका बेस प्राइज न्यूनतम एक लाख है।
आठ से दस मई के बीच विभाग ने वेबसाइट के माध्यम से यूके04एटी सीरीज में बोली आयोजित कराई थी।
इसके बाद 0001 नंबर पाने के लिए अधिकतम बोली 5.03 लाख पहुंच गई। लेकिन 0786 को फिलहाल ग्राहक नहीं मिल पाया। जिस वजह से नंबर का आवंटन नहीं हो पाया।
वहीं, आरटीओ का कहना है कि पिछले साल भी पहली बार यह नंबर नहीं बिका था।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के हल्द्वानी में फैंसी नंबरों की धूम, 0001 के लिए लगी 5.03 लाख रुपये की बोली
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में वीआईपी नंबरों का टशन, CH01-DD-0001 बिका 53.88 लाख में, RLA की रिकॉर्ड कमाई