श्रीनगर गढ़वाल : चारधाम यात्रा से पहले धारी देवी मंदिर में आधुनिक वॉल वॉशर लाइटिंग, रात में दिखा भव्य नजारा
श्रीनगर गढ़वाल में प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर को आधुनिक वॉल वॉशर लाइटिंग से सजाया गया है। ...और पढ़ें
HighLights
धारी देवी मंदिर में आधुनिक वॉल वॉशर लाइटिंग लगाई गई
रात में मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य और मनमोहक दिखता है
यह पहल चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण तैयार हो गया है।
श्रीनगर स्थित प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर परिसर को आधुनिक वॉल वॉशर लाइटिंग से सजाया गया है, जिससे मंदिर रात के समय रंग-विरंगी रोशनी में नहाकर अत्यंत भव्य और मनमोहक दिखाई दे रहा है।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि यह कदम श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और यादगार अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों को आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशल सिंह नेगी ने बताया कि यह लाइटिंग व्यवस्था प्रोग्रामिंग आधारित और कंप्यूटर नियंत्रण प्रणाली पर कार्य करती है।

विभिन्न रंगों और पैटर्न की रोशनी मंदिर परिसर में प्रदर्शित होती है, जिससे रात के समय मंदिर की भव्यता और भी निखरकर सामने आती है। यह कार्य दो मार्च को सफलतापूर्वक पूरा किया गया था।
उन्होंने कहा कि इस पहल में मंदिर समिति, स्थानीय नागरिकों और संबंधित विभागों का सहयोग रहा।

मंदिर के पुजारी लक्ष्मी प्रसाद पांडेय ने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि लाइटिंग से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ-साथ सुंदर और आकर्षक दृश्य भी मिलेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रंग-विरंगी रोशनी से सजा मंदिर अब रात में अत्यंत आकर्षक दिखाई देता है, जो धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा।
इस नई व्यवस्था से धारी देवी मंदिर न केवल चारधाम यात्रा के दौरान, बल्कि पूरे साल श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बन गया है।
यह भी पढ़ें- बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक, BKTC ने पारित किए कई अहम प्रस्ताव
यह भी पढ़ें- बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा: धामों में मोबाइल, वीडियो व रील बनाने पर रहेगा प्रतिबंध
यह भी पढ़ें- चारधाम यात्रा: केदारनाथ के लिए एक लाख से अधिक हुए ऑनलाइन पंजीकरण