Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गूगल पर अस्पताल का नंबर ढूंढना पड़ा भारी, 10 रुपये के चक्कर में पौड़ी के कांग्रेस जिलाध्यक्ष दंपती ने गंवाए 2.21 लाख

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 07:54 PM (IST)

    एक साइबर ठग ने देहरादून के निजी अस्पताल का अटेंडेंट बनकर पौड़ी कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी और उनकी पत्नी से 2.21 लाख रुपये ठग लिए। ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    HighLights

    1. कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी और पत्नी से ठगी

    2. देहरादून अस्पताल अटेंडेंट बनकर 2.21 लाख रुपये लूटे

    3. 10 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस के बहाने बैंक खाते खाली

    जागरण संवाददाता, पौड़ी। देहरादून के एक निजी अस्पताल का अटेंडेंट बन साइबर ठग ने जिला कांग्रेस कमेटी पौड़ी के जिलाध्यक्ष विनोद नेगी और उनकी पत्नी से 2.21 लाख रुपये की ठगी कर ली।

    ठग ने डाक्टर से परामर्श के लिए 10 रुपये की आनलाइन रजिस्ट्रेशन फीस जमा कराने के नाम पर दोनों के बैंक खातों से रकम उड़ा ली। मामले की शिकायत एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर दर्ज कराई गई है। साइबर सेल जांच में जुट गई है।

    13 जुलाई की रात विनोद नेगी की पत्नी राखी नेगी के हाथ में तेज दर्द होने पर उन्होंने इंटरनेट से जोगीवाला, देहरादून स्थित एक निजी अस्पताल का संपर्क नंबर खोजा।

    काल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को अस्पताल का अटेंडेंट बताते हुए सुबह डाक्टर को दिखाने के लिए 10 रुपये की आनलाइन रजिस्ट्रेशन फीस जमा करने को कहा।

    राखी नेगी ने गूगल-पे के माध्यम से भुगतान का प्रयास किया, लेकिन राशि जमा नहीं हुई। इस पर ठग ने पति या किसी अन्य स्वजन के नंबर से भुगतान करने की बात कही।

    इसके बाद विनोद नेगी के मोबाइल से भी भुगतान का प्रयास किया गया। रजिस्ट्रेशन फीस तो जमा नहीं हुई, लेकिन राखी नेगी के खाते से 98 हजार रुपये और विनोद नेगी के खाते से 1.23 लाख रुपये निकल गए।

    विनोद नेगी ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर देने के साथ ही एनसीआरपी पर शिकायत दर्ज करा दी गई है। उन्होंने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।

    सीओ आपरेशन कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल आरोपितों को ट्रैक कर रही है। प्रकरण को आगे की जांच के लिए कोतवाली पौड़ी भेजा जा रहा है, जिसमें साइबर सेल भी सहयोग करेगी।

    यह भी पढ़ें- जामताड़ा के ठगों का नया ठिकाना! यूपी में बैठकर कर डाली 70 लाख की साइबर ठगी, ऐसे खुली पोल

    यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में एसबीआई क्रेडिट कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर 3.43 लाख की साइबर ठगी