पौड़ी के सासौं स्कूल के पास दिखे 2 गुलदार, बच्चों की सुरक्षा के लिए दो दिन का अवकाश
पौड़ी के एकेश्वर ब्लॉक स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय सासौं में प्रार्थना सभा के दौरान दो गुलदार देखे गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की सुरक्षा के ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पौड़ी। विकास खंड एकेश्वर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सासौं में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रार्थना सभा के दौरान स्कूल भवन के समीप दो गुलदार आ धमके।
एक वाहन चालक की नजर गुलदरों पर पड़ गई, जिसके बाद उन्होंने स्कूल प्रशासन व ग्रामीणों को सूचित किया। शिक्षकों ने फौरन बच्चों को कमरों में सुरक्षित पहुंचाया।
ग्रामीण जमा हो गए और शोर मचाने लगे, जिससे गुलदार भाग गए। इसके बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। एकेश्वर के उप शिक्षा अधिकारी ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आगामी 11 व 12 मई को विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया है।
स्कूल परिसर में प्रार्थना सभा हो रही थी। तभी स्कूल भवन के पास दो गुलदार आ धमके। सासौं की ग्राम प्रधान सीमा देवी ने बताया कि सुबह विद्यालय की प्रार्थना सभा चल रही थी, तभी विद्यालय के समीप से गुजरते समय गांव के एक टैक्सी चालक शुभम रावत ने विद्यालय भवन की चाहरदीवारी के सामने दो गुलदारों को देखने की बात बताई।
ग्रामीणों के शोर मचाने और वाहन चालक के हार्न बजाने के बाद दोनों गुलदार वहां से भाग गए। विद्यालय में सहायक अध्यापक विकास चन्द्र कैंथोला ने बताया कि विद्यालय में तीन नौनिहाल भी अध्ययनरत हैं, जिनको खतरा था। गुलदारों के जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
सोमवार व मंगलवार को रहेगा अवकाश
प्रभारी उप शिक्षा अधिकारी मनोज जोशी ने बताया कि गुलदार से बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 11 व 12 मई को राप्रावि सासौं में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जोशी ने बताया कि आसपास के स्कूलों को सूचित किया है कि क्षेत्र में गुलदार दिखा है, स्थिति सामान्य होने तक अभिभावकों से अपील की जाए कि बच्चों को स्कूल नहीं भेजें।
गुलदार के डर से घट रही छात्रों की संख्या
क्षेत्र में राप्रावि सासौं के अलावा राप्रावि मासौं, राप्रावि मासौं-मसेटा, राउमावि मवाणीधार, मकर सिंह रावत जीआइसी मासौं, राप्रावि पीपली, राप्रावि मुंडियाफ, राजूहा ड्यूल्ड, जनता इंटर कालेज इंदिरापुरी, राप्रावि बरसू, राप्रावि मनकोट जनता इंटरमीडिएट धौण्डखाल स्थित हैं।
खबरें और भी
सामाजिक कार्यकर्त्ता सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि उन्होंने कोटद्वार स्थित निजी विद्यालय से टीसी कटवाकर अपने बेटे का प्रवेश राप्रावि सासौं में 10 दिन पूर्व करवाया है, लेकिन गुलदार की दस्तक से उन्हें अपने निर्णय पर पुन: विचार करना पड़ रहा है।
बताया कि गुलदार की दहशत से क्षेत्र में लोगों का पलायन बढ़ा है, जिससे अधिकांश स्कूलों में छात्र संख्या घटी गई है और कई स्कूल बंद होने की कगार पर हैं।
यह भी पढ़ें- पौड़ी के बमठी गांव में आदमखोर गुलदार का आतंक खत्म, वन विभाग ने किया ढेर
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में वन्यजीव हमलों से दहशत, बाघ-गुलदार और हाथियों के हमलों में लगातार मौत