उत्तराखंड भारी बारिश का कहर, आदि कैलास और ओम पर्वत यात्रा पर रोक
भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए पिथौरागढ़ प्रशासन ने आदि कैलास और ओम पर्वत यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट जारी करने पर रोक लगा दी है। ...और पढ़ें

इनर लाइन परमिट जारी करने पर अगले आदेश तक लगाई गई रोक।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़। हिमालयी क्षेत्र में मानसून के आगमन और लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने आदि कैलास और ओम पर्वत यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट (आइएलपी) जारी करने की प्रक्रिया अगले आदेश तक स्थगित कर दी है।
यह निर्णय यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क अवरोध और अन्य प्राकृतिक जोखिम बढ़ गए हैं। ऐसे में यात्रा मार्गों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
इसी के मद्देनजर आदि कैलास एवं ओम पर्वत यात्रा के लिए नए इनर लाइन परमिट जारी नहीं किए जाएंगे।
एसडीएम धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि तत्काल प्रभाव से लागू होगा और मौसम और मार्गों की स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की समीक्षा की जाएगी। प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा कारणों से लिया गया यह फैसला जनहित में है।
दूसरे दिन भी नहीं खुला दारमा मार्ग
वहीं चीन सीमा को जोड़ने वाला दारमा मार्ग दूसरे दिन भी नहीं खुला है। टनकपुर-तवाघाट मार्ग पर बलवाकोट के पास सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का कार्य चल रहा है। आदि कैलास मार्ग पर मलघाट के पास पत्थर गिर रहे हैं, अभी तक कोई यात्री धारचूला नहीं पहुंचा है।
यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ में भारी बारिश से आदि कैलास यात्रा मार्ग में टूटी चट्टान, घंटों फंसे रहे यात्री