पिथौरागढ़ : टेलीग्राम इन्वेस्टमेंट फ्रॉड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 18.96 लाख की ठगी का खुलासा
पिथौरागढ़ पुलिस और एसओजी ने टेलीग्राम पर निवेश के नाम पर करीब 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले तेलंगाना निवासी साइबर ठग को हल्द्वानी से गिरफ्तार किय ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। टेलीग्राम पर निवेश के नाम पर करीब 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर साइबर ठग को पिथौरागढ़ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी तेलंगाना का निवासी है, जो कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बनाता था।
पुलिस के अनुसार, थाना जाजरदेवल क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बीते वर्ष 21 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि टेलीग्राम पर पैसा दोगुना करने का विज्ञापन देखकर उसने बिना जांच-परख किए विभिन्न किस्तों में कुल 18,96,866 रुपये निवेश कर दिए। धोखाधड़ी का अहसास होने पर उसने पुलिस में मामला दर्ज कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान योगेश उत्तम पांचाल निवासी ग्राम पैदा गुला, तेलंगाना के रूप में की। लगातार ठिकाने बदल रहे आरोपी को पुलिस ने रणनीतिक रूप से हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।