केदारनाथ में स्वच्छता अभियान का कमाल, 10 दिन में 9.5 टन कूड़े का सफल निस्तारण
केदारनाथ धाम में जिला प्रशासन, सुलभ इंटरनेशनल और नगर पंचायत के संयुक्त स्वच्छता अभियान के तहत 10 दिनों में 9.5 टन प्लास्टिक और ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानि ...और पढ़ें

केदारनाथ में प्रशासन और नगर पंचायत के प्रयासों से स्वच्छता अभियान बना राष्ट्रीय मिसाल।
HighLights
10 दिन में 9.5 टन कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण
जिला प्रशासन, सुलभ इंटरनेशनल, नगर पंचायत का संयुक्त प्रयास
पर्यावरण मित्र प्रतिकूल मौसम में भी सफाई में जुटे
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन की पहल लगातार प्रभावी साबित हो रही है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में केदारनाथ धाम एवं पैदल यात्रा मार्ग पर संचालित विशेष स्वच्छता अभियान ने महज 10 दिनों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
प्रशासन, सुलभ इंटरनेशनल और नगर पंचायत केदारनाथ के संयुक्त प्रयासों से 18 से 27 जून के बीच कुल 2,332 बैगों में 9,549 किलो (करीब 9.5 टन) प्लास्टिक एवं ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया।

चारधाम यात्रा के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच स्वच्छता बनाए रखना बड़ी चुनौती होती है।
इसके बावजूद केदारनाथ धाम और पैदल मार्ग पर तैनात पर्यावरण मित्र कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, ऊंचाई और प्रतिकूल मौसम में भी पूरी निष्ठा के साथ सफाई अभियान में जुटे हुए हैं।
वे यात्रा मार्ग और धाम परिसर से प्लास्टिक, पानी की बोतलें, पालीथिन तथा अन्य ठोस अपशिष्ट को नियमित रूप से एकत्र कर निर्धारित जगह तक पहुंचा रहे हैं।
प्रशासन द्वारा विकसित सुव्यवस्थित व्यवस्था के तहत एकत्रित कूड़े को पहले केदारनाथ धाम से नीचे गौरीकुंड तक लाया जाता है। इसके बाद सुलभ इंटरनेशनल की ओर से सोनप्रयाग स्थित आधुनिक काम्पेक्टर के माध्यम से उसका वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण किया जाता है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि केदारनाथ धाम की स्वच्छता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि धाम की पवित्रता, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन को सुरक्षित रखने के लिए सभी संबंधित विभागों के समन्वय से निरंतर कार्य किया जा रहा है।
पर्यावरण मित्रों की मेहनत, नगर पंचायत, सुलभ इंटरनेशनल तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित हो रही है।
उन्होंने कहा कि बाबा केदार की नगरी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए इसकी स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु की भी जिम्मेदारी है।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे प्लास्टिक एवं अन्य कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ के निर्माण में सहभागी बनें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी आधुनिक एवं नवाचारपूर्ण व्यवस्थाओं के माध्यम से केदारनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ हेली सेवाओं पर 30 जून तक रोक, मानसून में संचालन जारी रहेगा या नहीं 29 को होगा फैसला
यह भी पढ़ें- केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट ने पकड़ी बुलेट जैसी रफ्तार, 13 किलोमीटर का सफर होगा सिर्फ 30 मिनट में