Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    केदारनाथ हेली सेवाओं पर 30 जून तक रोक, मानसून में संचालन जारी रहेगा या नहीं 29 को होगा फैसला

    Updated: Fri, 26 Jun 2026 07:27 PM (IST)

    केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं 30 जून तक स्थगित कर दी गई हैं, और मानसून में संचालन पर फैसला 29 जून को डीजीसीए की बैठक में होगा। ...और पढ़ें

    अधिकांश हेलीकाप्टरों को फाटा और केदारघाटी से हटाया गया है।

    अधिकांश हेलीकाप्टरों को फाटा और केदारघाटी से हटाया गया है।

    HighLights

    1. केदारनाथ हेली सेवाएं 30 जून तक अस्थायी रूप से स्थगित

    2. मानसून में संचालन पर डीजीसीए 29 जून को लेगा निर्णय

    3. सुरक्षा कारणों से हेलीकॉप्टर सेवाएं रोकी गईं

    संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम के लिए संचालित होने वाली हेली सेवाओं को फिलहाल 30 जून तक स्थगित कर दिया गया है।

    अब वर्षाकाल के मौसम में सेवाओं का संचालन जारी रहेगा या नहीं, इसका अंतिम निर्णय 29 जून को होने वाली नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की बैठक के बाद लिया जाएगा।

    इस निर्णय का इंतजार हेली कंपनियों के साथ-साथ उन हजारों श्रद्धालुओं को भी है, जो हवाई मार्ग से बाबा केदार के दर्शन की योजना बना रहे हैं।

    हेली सेवा पर संशय बरकरार

    हर वर्ष सामान्यतः जून के अंतिम सप्ताह तक केदारनाथ के लिए नियमित हेली सेवाओं का पहला चरण समाप्त हो जाता है। हालांकि पिछले तीन वर्षों से मानसून के दौरान भी सीमित स्तर पर हेली सेवाओं का संचालन जारी रखा गया था, लेकिन इस वर्ष वर्षाकाल में सेवाओं के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

    फाटा से हटाए गए हेलीकॉप्टर

    हेली आपरेटरों के अनुसार फिलहाल अधिकांश हेलीकाप्टरों को फाटा और केदारघाटी से हटा दिया गया है।

    यदि जुलाई से सेवाएं जारी रखनी होतीं तो आमतौर पर अब तक आगामी चरण की आनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो जाती, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई घोषणा नहीं हुई है।

    इससे यह माना जा रहा है कि वर्षाकाल में सेवाओं के संचालन पर अंतिम निर्णय डीजीसीए की बैठक के बाद ही लिया जाएगा।

    मौसम देख तय होगी रणनीति

    हिमालयन हेली के प्रतिनिधियों का कहना है कि यूकाडा (उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण) की ओर से कंपनियों को फिलहाल 30 जून तक सेवाएं स्थगित रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद मौसम, सुरक्षा मानकों और तकनीकी पहलुओं की समीक्षा के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

    25 जून बाद घटता हेली संचालन

    हर वर्ष 25 जून के बाद मानसून सक्रिय होने पर अधिकांश हेली कंपनियां केदारघाटी से अपना संचालन समेट लेती हैं। इस दौरान सरकार और प्रशासन केवल आपातकालीन जरूरतों के लिए एक या दो हेलीकाप्टर उपलब्ध रखते हैं।

    एहतियातन रोकी गई हेली सेवा

    हालांकि इस बार मानसून अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है, फिर भी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाई गई है। वहीं हेली सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि केदारनाथ धाम के लिए 30 जून तक हेली सेवाएं स्थगित हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- केदारनाथ यात्रा ने रचा इतिहास, 63 दिनों में 13 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

    यह भी पढ़ें- केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट ने पकड़ी बुलेट जैसी रफ्तार, 13 किलोमीटर का सफर होगा सिर्फ 30 मिनट में