केदारनाथ धाम में जमी है 4 फीट बर्फ, यात्रा से पहले तैयारियों का डीएम और एसपी ने लिया जायजा
केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर धाम पहुंचे। उन्होंने बर्फ हटाने, पैदल मार ...और पढ़ें

केदारनाथ यात्रा को लेकर मंदिर के समक्ष बाबा का आशीर्वाद लेते डीएम, एसपी व अन्य। सूवि

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियों का स्थलीय जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर गुरुवार को धाम पहुंचे और व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ बीकेटीसी के प्रतिनिधि एवं हक-हकूकधारी भी मौजूद रहे।
गुरुवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त निरीक्षण करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान बर्फ हटाने, पैदल मार्ग को सुचारु बनाने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा मूलभूत सुविधाओं की बहाली से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष केदारनाथ धाम की यात्रा 22 अप्रैल से प्रारंभ हो रही है, जिसके दृष्टिगत सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कहा कि वर्तमान में धाम क्षेत्र में तीन से चार फीट तक बर्फ जमी हुई है, जिसे हटाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार कार्यरत हैं। बर्फ हटने के साथ ही दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
साथ ही, पेयजल, विद्युत, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पुनर्स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वहीं पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि वर्तमान में केदारनाथ धाम में पुलिस के तीन तथा आइटीबीपी के 12 जवान तैनात हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए हुए हैं।
इस वर्ष पूर्व अनुभवों और प्राप्त फीडबैक के आधार पर सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। श्रद्धालुओं के आवागमन, ठहरने एवं आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए भी व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान श्री केदार सभा के अध्यक्ष एवं बीकेटीसी सदस्य राजकुमार तिवारी, ब्लाक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, जिला पर्यटन एवं विकास अधिकारी राहुल चौबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी से थमे पुनर्निर्माण कार्य, यात्रा तैयारियों पर असर
यह भी पढ़ें- बदरीनाथ-केदारनाथ में भारी बर्फबारी: मास्टर प्लान का कार्य रुका, हाईवे बंद... जनजीवन अस्त-व्यस्त