उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और श्रीनगर में अलकनंदा-मंदाकिनी खतरे के निशान से ऊपर, प्रशासन ने जारी की चेतावनी
रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश से अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। ...और पढ़ें
HighLights
अलकनंदा-मंदाकिनी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
प्रशासन ने नदी तटों से दूर रहने की अपील की
कई ग्रामीण सड़कें अवरुद्ध, NH-107 यातायात के लिए खुला
जागरण संवाददाता, रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही वर्षा के बीच अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से गुरुवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रशासन ने आमजन से नदी तटों से दूर रहने और अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाने की अपील की है। नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार जन-जागरूकता संबंधी उद्घोषणाएं भी कराई जा रही हैं।
रुद्रप्रयाग में बारिश जारी
सुबह 8:15 बजे जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार जनपद में वर्षा जारी है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तहसीलों में रुद्रप्रयाग में 16.00 मिमी, ऊखीमठ में 53.30 मिमी तथा जखोली में 59.00 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
सुबह 8:00 बजे दर्ज जलस्तर के अनुसार अलकनंदा नदी 627.80 मीटर तथा मंदाकिनी नदी 626.60 मीटर पर बह रही है, जो दोनों नदियों के खतरे के निशान से ऊपर है। वहीं गंगानगर का जलस्तर 800.45 मीटर तथा गौरीकुंड का जलस्तर 1974.20 मीटर दर्ज किया गया, जो अभी चेतावनी स्तर से नीचे है।
सड़क मार्गों की स्थिति के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-107) यातायात के लिए खुला है। राज्य मार्गों के तीन, लोक निर्माण विभाग के चार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के सात तथा एनपीसीसी का एक मार्ग अवरुद्ध है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी दैवीय आपदा, दुर्घटना, मार्ग अवरोध अथवा अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
खबरें और भी
श्रीनगर गढ़वाल में उफान पर अलकनंदा नदी
वर्तमान में अलकनंदा श्रीनगर गढ़वाल में 534.80 मीटर पर बह रही जो कि चेतावनी स्तर से 0.20 मीटर नीचे है। श्रीनगर में अलकनंदा नदी का चेतावनी स्तर 535 मीटर है वहीं 536 मीटर खतरे का निशान है। नदी के उफान पर होने से अलकेश्वर घाट पूरी तरह डूब चुका है।