विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टिहरी में वन्यजीव की दहशत से गिरी महिला ने तोड़ा दम, इलाज के अभाव में गई जान

Published: Sat, 16 May 2026 09:50 PM (IST)

होल्टा गांव की बबीता देवी जंगल में चारा लेने गई थीं, जहां जंगली जानवर की आहट से घबराकर पहाड़ी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मृतका बबीता देवी की फोटो।

मृतका बबीता देवी की फोटो।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई टिहरी। पहाड़ में वन्यजीवों की दहशत और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के चलते एक महिला की जान चली गई। वह जंगल में चारा-पत्ती लेने गई थी, लेकिन जंगली जानवर की आहट से पहाड़ी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी ले जाने पर डाक्टरों ने स्थिति गंभीर बताकर एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर ले जाने को कह दिया, लेकिन हेलीपैड तक पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना शनिवार सुबह की है। घनसाली क्षेत्र के पट्टी नैलचामी के होल्टा गांव की बबीता देवी (29) पशुओं के लिए चारा-पत्ती लेने जंगल गई थीं।

अचानक उन्हें जंगली जानवर की आहट सुनाई दी। इससे वह घबरा गईं और संतुलन बिगड़ने पर खाईनुमा पहाड़ी से गिर गईं।

गंभीर रूप से घायल होने पर ग्रामीण उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पिलखी ले गए। वहां चिकित्सकों ने तुरंत एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी।

इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर हेलीकाप्टर की व्यवस्था की गई। स्वजन बबीता को हेलीपैड ले जा रहे थे, लेकिन उनकी रास्ते में ही सांसें थम गईं।

पीएचसी की प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. उषा भट्ट ने बताया कि महिला को सुबह करीब 11:30 बजे अस्पताल लाया गया था।

उनकी हालत बेहद नाजुक थी, जिसके चलते तत्काल उच्च अधिकारियों के माध्यम से एयरलिफ्ट की मांग की गई थी, लेकिन दुर्भाग्यवश महिला की जान नहीं बच सकी।

23 दिन में परिवार में दूसरी मौत

बबीता के पति राजेंद्र सिंह थाईलैंड में नौकरी करते हैं। 23 अप्रैल को चंबा-कोटी कालोनी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में उनके बड़े भाई शिव सिंह की मौत हो गई थी।

इस कारण उन्हें गांव लौटना पड़ा था। अब 23 दिन बाद ही अचानक पत्नी की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राजेंद्र का नौ वर्षीय बेटा और छह वर्षीय बेटी है।

यह भी पढ़ें- पौड़ी के बमठी गांव में दिन-दहाड़े महिला पर गुलदार झपटा, ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय में किया प्रदर्शन

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के पौड़ी में गुलदार का हमला, बुजुर्ग की मौत पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।