विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड के रुद्रपुर में बारावफात जुलूस में भड़काऊ भाषण का मामला, मुफ्ती मुजीब पर केस दर्ज

Published: Fri, 28 Aug 2026 09:39 AM (IST)

रुद्रपुर में बारावफात जुलूस के दौरान कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मुफ्ती मुजीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर बुधवार को रुद्रपुर में निकाले गए बारावफात के जुलूस के दौरान कथित रूप से भड़काऊ भाषण देने के मामले में पुलिस ने रामपुर के दरियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की है।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कथित वीडियो में मुफ्ती मदरसों को बंद करने को लेकर चेतावनी देते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने धार्मिक जुलूस के दौरान भड़काऊ भाषण देने के आरोप में धारा 196(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

कथित वीडियो में मुफ्ती मुजीब मदरसों को लेकर कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि इनके बारे में ज्यादा फैसला न किया जाए। उनका कहना है कि मदरसों में लोगों को तालीम दी जाती है और किसी पर जुल्म, ज्यादती या चोरी न करने की सीख दी जाती है। इसके बाद वह मदरसों को बंद करने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए दिखाई दे रहे हैं।

ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग

वीडियो में मुफ्ती ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग भी करते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि पहले ईदगाह के मैदान में बच्चे मैच खेलते थे और एक्सरसाइज करते थे। अब बच्चों के दिनभर पढ़ाई करने के बाद खेलने और व्यायाम करने के लिए कोई जगह नहीं बची है। इसी को लेकर उन्होंने ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग उठाई।

वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि मुफ्ती मुजीब के विरुद्ध धारा 196(2) के तहत प्राथमिकी पंजीकृत की गई है। आरोपित खेड़ा स्थित एक मदरसे में पढ़ाता है। मामले की विवेचना एसआइ दीपक कौशिक को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर में बारावफात जुलूस में भड़काऊ भाषण, मुफ्ती मुजीब पर केस दर्ज

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के रुद्रपुर में थूकने के बाद दूध बांटने वाला मुस्लिम दूधिया गिरफ्तार, CCTV में कैद हुई थी हरकत