नई बाइक या स्कूटी खरीदते समय शोरूम से फ्री गिफ्ट लेना न भूलें, ये हैं उपभोक्ता के 5 अधिकार
नई बाइक या स्कूटी खरीदते समय शोरूम से हेलमेट लेना न भूलें और उसकी कीमत व गुणवत्ता की जांच करें। ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर । नई बाइक या स्कूटी खरीदते समय शोरूम से हेलमेट लेना न भूलें। अधिकांश ग्राहक वाहन की कीमत, बीमा और आरटीओ शुल्क पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन हेलमेट को लेकर अक्सर बिना पूछे ही दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर देते हैं।
ऐसे में यह जानना जरूरी है कि वाहन के साथ दिया जाने वाला हेलमेट वास्तव में निशुल्क है या उसकी कीमत किसी अन्य मद में जोड़कर वसूली जा रही है। सड़क सुरक्षा के साथ-साथ उपभोक्ता जागरूकता का यह पहलू महत्वपूर्ण बन गया है।
100 से अधिक दोपहिया वाहन एजेंसियां संचालित
ऊधम सिंह नगर जिले में विभिन्न कंपनियों की 100 से अधिक दोपहिया वाहन एजेंसियां संचालित हैं। हर दिन बड़ी संख्या में नए वाहन बिकते हैं। अधिकांश ग्राहक जागरूक नहीं होते, ऐसी स्थिति में वह हेलमेट लिए बिना वाहन लेकर चले जाते हैं। उनके लिए जानना जरूरी है कि वाहन लेते समय हेलमेट जरूर लें। इसके अलावा प्रत्येक ग्राहक को वाहन खरीदने से पहले एजेंसी से प्राप्त कोटेशन और अंतिम बिल को ध्यान से देखना चाहिए।
यदि हेलमेट की कीमत अलग से दर्शाई गई है या किसी अन्य मद में जोड़ी गई है तो उसका स्पष्ट विवरण एजेंसी से लेना चाहिए। बिना जानकारी के किसी भी अतिरिक्त भुगतान से बचना उपभोक्ता का अधिकार है। नए वाहन के साथ हेलमेट मिलता ही है।
खबरें और भी
विशेषज्ञों का कहना है कि अच्छी गुणवत्ता का आईएसआई प्रमाणित हेलमेट केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है। इसलिए ग्राहक हेलमेट की गुणवत्ता, आईएसआई मार्क, निर्माण तिथि और फिटिंग की भी जांच करें। केवल नाम के लिए दिया गया कम गुणवत्ता वाला हेलमेट दुर्घटना के समय अपेक्षित सुरक्षा नहीं दे पाता।
दुर्घटना में सिर की चोट से मौत के कई मामले, इसलिए हिफाजत जरूरी
छह दिन पहले दिनेशपुर से रुद्रपुर आते युवक दीपेंद्र की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। अस्पताल जाने पर पता चला कि सिर पर गंभीर चोट थी। इसी तरह के मामलों ने यह साबित किया है कि हेलमेट पहनना जितना जरूरी है। इसलिए वाहन खरीदते समय कीमत के साथ गुणवत्ता पर भी बराबर ध्यान देना चाहिए।
ऐसी शिकायत मिली तो तुरंत होगी कार्रवाई : एआरटीओ
एआरटीओ मोहित कोठारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वाहन खरीदने वाले प्रत्येक ग्राहक को हेलमेट से जुड़े सभी बिंदुओं की जानकारी होनी चाहिए।
ग्राहक कोटेशन और बिल को ध्यान से पढ़ें तथा यदि किसी प्रकार की शंका हो तो एजेंसी से तत्काल स्पष्टीकरण लें। उन्होंने कहा कि तरह की शिकायत अभी नहीं मिली है, नियमों के उल्लंघन या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो परिवहन विभाग नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा।
सड़क सुरक्षा के साथ उपभोक्ता अधिकार भी समझें
- वाहन खरीदने से पहले लिखित कोटेशन जरूर लें।
- बिल में हेलमेट से संबंधित किसी शुल्क का स्पष्ट उल्लेख है या नहीं, इसे ध्यान से देखें।
- यदि कोई शुल्क लिया जा रहा है तो उसका आधार और विवरण एजेंसी से लिखित रूप में मांगें।
- केवल आईएसआई प्रमाणित हेलमेट ही स्वीकार करें।
- चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट का उपयोग सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें- 'सिखों को हेलमेट पहनने से छूट धर्म के आधार पर नहीं', बांबे हाई कोर्ट ने चुनौती देने वाली याचिका को किया खारिज