पंतनगर यूनिवर्सिटी कैंपस में टॉफी का लालच देकर तीन मासूमों से अश्लील हरकत, ठेकाकर्मी निकला दरिंदा
पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में तीन मासूम बच्चियों के साथ अश्लील हरकत के आरोप में ठेकाकर्मी दीपक शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संसू, पंतनगर। पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में तीन मासूम बच्चियों के साथ कथित अश्लील हरकत का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया।
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहले विश्वविद्यालय के सुरक्षा विभाग और बाद में पंतनगर कोतवाली पहुंचकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
कोतवाली का घेराव
पुलिस ने पीड़ित परिवारों की तहरीर पर विश्वविद्यालय के वेटरनरी विभाग में कार्यरत ठेकाकर्मी दीपक शर्मा निवासी जवाहर नगर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे विश्वविद्यालय परिसर की वीआईपी रोड स्थित फूलबाग क्षेत्र के आसपास तीन अलग-अलग स्थानों पर खेल रही मासूम बच्चियों के पास आरोपी बाइक से पहुंचा। आरोप है कि उसने बच्चियों को टॉफी देने का लालच देकर अपने पास बुलाया और उनके साथ अश्लील हरकत की। किसी तरह डरी-सहमी बच्चियां वहां से भागकर अपने घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना बताई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आरोपी की तलाश में निकल पड़े, लेकिन वह मौके से फरार हो चुका था। इस दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ में कुछ अन्य बच्चों के साथ भी आरोपी द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की चर्चाएं सामने आने पर लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।।
स्थानीय लोग विश्वविद्यालय के सुरक्षा विभाग और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। इसके बाद सभी पंतनगर कोतवाली पहुंच गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आरोपी पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से उसका मनोबल बढ़ा।
खबरें और भी
देर रात आरोपी को किया गिरफ्तार
स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने लोगों को निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों पीड़ित परिवारों की तहरीर के आधार पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए और देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
वहीं, घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने परिसर में गश्त बढ़ाने, संविदा कर्मियों का सत्यापन कराने और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।