यमुनोत्री हाईवे पांचवें दिन भी बंद: स्यानाचट्टी के पास गिर रहे बोल्डर, हनुमान-जानकीचट्टी मार्ग दलदल में तब्दील
यमुनोत्री हाईवे लगातार पांचवें दिन भी यातायात के लिए बंद है, जिससे चारधाम यात्रियों और स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। ...और पढ़ें

यमुनोत्री हाईवे।
HighLights
यमुनोत्री हाईवे लगातार पांचवें दिन भी यातायात के लिए बंद
स्यानाचट्टी पर भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध, बोल्डर गिरने जारी
हनुमान-जानकीचट्टी मार्ग दलदल में बदला, यात्रियों को भारी दिक्कत
संवाद सूत्र, बड़कोट (उत्तरकाशी)। यमुनोत्री हाईवे पर स्याना चट्टी के पास भूस्खलन से क्षतिग्रस्त मार्ग पांचवें दिन भी यातायात के लिए नहीं खुल सका, जिससे चारधाम यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
लगातार हो रही वर्षा के कारण पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने का सिलसिला थम नहीं रहा है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग को सुचारू करने में एनएच की टीम को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। पूरे क्षेत्र में भूस्खलन से कई सड़कें प्रभावित हुई हैं।
स्यानाचट्टी में हाईवे बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को हनुमान चट्टी और आसपास के क्षेत्रों में इंतजार करना पड़ रहा है।
वहीं, हनुमान चट्टी-जानकीचट्टी के बीच हाईवे कई स्थानों पर दलदल में तब्दील हो गया है। सड़क पर फिसलन और गड्ढों के कारण छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है और यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उधर, जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भी खतरा बना हुआ है। जानकी चट्टी से यमुनोत्री पैदल मार्ग भी इन दिनों जोखिम भरा है क्यों कि आए दिन यहां भी कई स्थानों पर पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही है।
जिससे श्रद्धालुओं को जान-जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता बरतने और यात्रियों से सावधानी के साथ आवाजाही करने की अपील की गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि स्यानचट्टी में युद्धस्तर पर जेसीबी और अन्य मशीनों से मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि यदि मौसम अनुकूल रहा और दोबारा भारी मलबा नहीं आया तो जल्द ही यमुनोत्री हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मानसून का कहर: यमुनोत्री हाईवे बंद, आज पांच जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
यह भी पढ़ें- यमुनोत्री हाईवे पर भारी भूस्खलन: स्यानाचट्टी के पास फंसे 100 श्रद्धालु, SDRF ने रस्सी के सहारे कराया आर-पार