यमुनोत्री हाईवे पर भारी भूस्खलन: स्यानाचट्टी के पास फंसे 100 श्रद्धालु, SDRF ने रस्सी के सहारे कराया आर-पार
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास भारी भूस्खलन से सड़क अवरुद्ध हो गई, जिससे लगभग 100 श्रद्धालु फंस गए। एसडीआरएफ ने रस्सियों की मदद से ...और पढ़ें

रस्सियों की सहायता से स्यानाचट्टी में यात्रियों को रास्ता पार कराते एसडीआरएफ के जवान। जागरण
HighLights
यमुनोत्री हाईवे पर स्यानाचट्टी के पास भारी भूस्खलन
लगभग 100 श्रद्धालु सड़क अवरुद्ध होने से फंसे
एसडीआरएफ ने रस्सियों से यात्रियों को सुरक्षित निकाला
संवाद सूत्र, बड़कोट ( उत्तरकाशी)। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को स्यानाचट्टी के पास भारी मलबा आने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया।
मार्ग बंद होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए। एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और रोप फिक्स कर करीब 100 यात्रियों को सुरक्षित आर-पार कराया।
एसडीआरएफ के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पोस्ट बड़कोट से मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में टीम मौके के लिए रवाना हुई। वहीं पोस्ट जानकीचट्टी से मुख्य आरक्षी राजेश कुमार के नेतृत्व में दूसरी टीम भी घटनास्थल पहुंची।
सड़क पूरी तरह अवरुद्ध होने के कारण एसडीआरएफ जवानों ने पहले वैकल्पिक मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से रोप फिक्स की।
इसके बाद यात्रियों को एक-एक कर सावधानीपूर्वक रस्सी के सहारे सुरक्षित पार कराया। अभियान के दौरान करीब 100 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
लगातार वर्षा के चलते यमुनोत्री मार्ग पर भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- यमुनोत्री हाईवे बदहाल: स्यानाचट्टी में 100 मीटर सड़क वाशआउट, 27 घंटे से मार्ग ठप, जंगल से जा रहे यात्री
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मानसूनी बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे का 100 मीटर हिस्सा ध्वस्त, गंगोत्री मार्ग भी ठप