मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना पूरे देश में होगी लागू, सीएम शुभेंदु ने बताया क्या है रोजगार का मास्टर प्लान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जलपाईगुड़ी में उत्तर बंगाल के विकास, रोजगार और किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। ...और पढ़ें
-1785155883623_m.webp)
जलपाइगुड़ी के जिलाधिकारी कार्यालय में पत्रकाराें से बातचीत करते मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को जलपाईगुड़ी दौरे के दौरान उत्तर बंगाल के विकास, रोजगार और किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। जिला प्रशासनिक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि अगले दो-तीन महीनों के भीतर राज्य के 25 बंद चाय बागानों में से 10 से 12 चाय बागानों को दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। इससे हजारों चाय श्रमिकों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमूल को दक्षिण बंगाल और उत्तर बंगाल में 15-15 एकड़ जमीन दी जा रही है। उत्तर बंगाल में जमीन की पहचान कर ली गई है, जहां अमूल अपनी आइसक्रीम फैक्ट्री स्थापित करेगा। इसके अलावा मालदा में लीची प्रोसेसिंग, उत्तर बंगाल में अनानास, मक्का और तुलाइपांजी चावल पर आधारित उद्योग विकसित करने की योजना भी बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि के साथ राज्य सरकार की ओर से तीन हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। किसान मित्रों का सत्यापन कर उन्हें योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा। मुफ्त राशन व्यवस्था जारी रहेगी और बेहतर गुणवत्ता का गेहूं उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना को आयुष्मान भारत की तर्ज पर पूरे देश में लागू किया जाएगा। इस योजना के तहत लाभार्थियों को देशभर के उन्हीं अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा, जहां आयुष्मान भारत के तहत सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए पोर्टल पर काम चल रहा है और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
खबरें और भी
उन्होंने बताया कि 16 अगस्त को आयुष्मान दिवस मनाया जाएगा। इस दिन आयुष्मान भारत कार्ड का वितरण भी किया जाएगा। 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान कार्ड दिया जा रहा है और राज्य में लगभग 40 लाख वरिष्ठ नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री चाय श्रमिक योजना के तहत 332 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे चाय बागान श्रमिकों को विभिन्न सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने प्रवासी श्रमिकों से उत्तर बंगाल लौटने की अपील करते हुए कहा कि यहां रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं और कई उद्योगों की योजना पर काम चल रहा है।
सिक्किम टनल हादसे के पीड़ित परिवारों को सहायता
प्रेस वार्ता से पहले मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासनिक भवन में सिक्किम टनल हादसे में जान गंवाने वाले जलपाईगुड़ी जिले के श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा और सात परिवारों के एक-एक सदस्य को होमगार्ड तथा अन्य परिवारों के सदस्यों को सिविक वालंटियर के रूप में नियुक्ति देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिक्किम सरकार, पश्चिम बंगाल सरकार, प्रधानमंत्री राहत कोष और संबंधित कंपनी की ओर से मिलाकर प्रत्येक प्रभावित परिवार को कुल 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह एक दुखद टनल दुर्घटना थी, जिसकी जांच सिक्किम सरकार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी श्रमिक अब उत्तर बंगाल लौटना शुरू करें। राज्य सरकार रोजगार सृजन के लिए तेजी से काम कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अन्नपूर्णा योजना की राशि 30 अगस्त तक लाभार्थियों के खातों में पहुंच जाएगी और जन कार्ड बनवाने वाले लोगों को 125 दिन का रोजगार भी उपलब्ध कराया जाएगा।
- जलपेश मंदिर में की पूजा, भाजपा ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बागडोगरा हवाई अड्डे से हेलीकाप्टर द्वारा जलपाईगुड़ी पहुंचे। यहां से जिला प्रशासनिक भवन जाने के बाद उन्होंने जलपेश मंदिर में पूजा-अर्चना की और जल्पेश मेला मैदान में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में भाग लिया।
इस दौरान सांसद डा. जयंत कुमार राय, विधायक पुना भेंगरा, शुक्रा मुंडा, राज्य मंत्री विशाल लामा सहित भाजपा के कई नेता उपस्थित रहे। मृत श्रमिक आदेश ओरांव की पत्नी रितिका कछुआ ने कहा कि मुख्यमंत्री ने परिवारों से मिलकर आर्थिक सहायता और नौकरी दी है, जिससे उन्हें भविष्य के लिए सहारा मिला है।