विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाकिस्तान को अब गोली का जवाब गोला से मिल रहा है : अमित शाह

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Sat, 02 Jul 2016 03:13 PM (IST)Updated: Sat, 02 Jul 2016 04:26 PM (IST)

अमित शाह ने वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही कांग्रेस, समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी पर जमकर प्रहार किया।

News Article Hero Image

लखनऊ (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह आज वाराणसी में जमकर गरजे। अमित शाह ने केंद्र में भाजपा के सहयोगी अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल की जयंती पर आज वाराणसी में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही कांग्रेस, समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी पर जमकर प्रहार किया। इसके साथ ही उन्होंने आने वाले समय में मोदी सरकार की योजनाओं के साथ ही उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव पर अपना फोकस रखा।

यह भी पढ़ें- संपर्क, संवाद और संघर्ष से हासिल करें उत्तर प्रदेशः अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने सबसे पहले अपने पड़ोसियों के साथ संबंध मधुर बनाने का काम किया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ तो मोदी जी के शपथ ग्रहण में भी पधारे थे। इसके साथ ही नेपाल, श्रीलंका तथा बांग्लादेश से देश के संबंध मधुर बने, लेकिन इसका यह मतलब नहीं था कि हम सभी के सामने झुक गये। अब तो अगर पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी होती है तो सीमा पर हमारे जवान गोलाबारी करते हैं। अब सीमा पर तैनात जवानों को गोलाबारी करने के लिए दिल्ली से किसी भी आदेश की जरूरत नहीं पड़ती है। मोदी सरकार ने उनको खुली छूट दे रखी है। अगर कोई हमला करेगा तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। अब मनमोहन सिंह की यूपीए सरकार का समय चला गया जब हमारे जवानों के कटे सिर हमको भेजे जाते थे। उस समय भी कांग्रेस उपाध्यक्ष की आंखों पर इटैलियन चश्मा चढ़ा होता था।

यह भी पढ़ें- जागरण फोरम-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने खूब दिये जनता के सवालों के जवाब

वाराणसी के जगतपुर में अपना दल की स्वाभिमान रैली में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में विकास का पॉवर हाउस लगा रखा है। उस पावर हाउस का उत्तर प्रदेश का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने तो लखनऊ में ट्रांसफार्मर ही फूंक दिया है, इसी कारण दिल्ली से चला पावर उत्तर प्रदेश के लोगों को नहीं मिल पा रहा है। केंद्र की किसी भी योजना का समुचित लाभ उत्तर प्रदेश के लोग नहीं उठा पा रहे हैं। अमित शाह ने जनता से पूछा कि जब ट्रांसफार्मर जल जाता है तो क्या करते हैं। जनता ने जब कहा कि ट्रांसफार्मर बदल देते हैं। इसके बाद अमित शाह ने कहा कि अब आप लोगों को भी उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव का ट्रांसफार्मर बदलना होगा। अमित शाह ने छोटे पद की नौकरी में साक्षात्कार खत्म करने को सरकार की उपलब्धि बताते हुए राज्य सरकार के मन में खोट बताया, इसके साथ ही भर्ती में भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया।

यह भी पढ़ें- सोनेलाल की जयंती कल, कृष्णा पटेल के साथ मंच साझा करेंगे अमित शाह

अमित शाह ने केंद्र की योजनाओं को लागू न करने पर भी उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए योजनाओं को धरातल पर लागू न करने की बात भी कही। अमित शाह ने कहा कि पांच वर्ष में हम उत्तर प्रदेश को नंबर एक राज्य बना देंगे। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब अदला बदली (सपा-बसपा) की सरकार को स्थाई रूप से बदलना बहुत जरूरी है। यह दोनों विकास करने वाले नहीं हैं। इनका अपना विकास जरूर हो रहा है। अब उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बेहद जरूरी है। अभी भाजपा शासित राज्यों में 24 घंटे बिजली मिलने के साथ ही हर गांव में बड़ा अस्पताल है। उत्तर प्रदेश आज भी विकास में पिछड़ा हुआ है जबकि भाजपा शासित राज्यो मे विकास की गंगा बह रही है।

यह भी पढ़ें- अमित शाह दे गए नया नारा, 'यूपी में सत्ता दो, प्रदेश बदलो-देश भी बदलेगा'

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के शासन से बहुत परेशान है। यहां पर चाचा ने गैंगस्टर को पार्टी में शामिल कराया तो भतीजे ने उसकी पार्टी से विलय को खत्म कर दिया। यह सब इन्हीं कामों में लगे हैं। उत्तर प्रदेश में सपा व बसपा ने 20 वर्ष को बर्बाद कर दिया। उत्तर प्रदेश से छोटे-छोटे राज्य आज बहुत आगे निकल गये हैं।

यह भी पढ़ें-कांग्रेस की मदद से यूपी को सपा-बसपा ने लूटा : अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि केंद्र मुद्रा योजना से सवा चार करोड़ युवाओं को रोजगार मिला है। मुद्रा योजना से गरीबो को लाभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के लोग रोजी रोटी के लिए भटक रहे हैं। हम उनको काम देने में लगे हैं। मोदी जी ने देश के पांच करोड़ गरीब लोगों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया। 16 करोड़ गरीबों के बैंक में खाते खुले हैं। उज्ज्वला योजना से मुफ्त गैस कनेक्शन दिया जा रहा है। अमित शाह ने कहा कि केंद्र में पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी है। कांग्रेस ने आकाश, पाताल के साथ जमीन व दरिया में भी घोटाला किया। राहुल बाबा के आशीर्वाद वाली की सरकार ने अरबों के घोटालों को अंजाम किया। कांग्रेस से दो बीते दस वर्ष तक अपने काम का हिसाब नहीं किया, अब तो हर वर्ष विकास का काम जनता के सामने होता है। यूपीए सरकार ने भ्रष्टाचार का रिकार्ड बनाया। उन्होंने कहा कि देश में मौसम गरम होने के कारण विदेश में घूम रहे राहुल गांधी हमारे दो वर्ष का हिसाब मांग रहे हैं।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था होगा हमारा चुनावी मुद्दाः अमित शाह

अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। शाह ने कहा कि नीतीश से बिहार संभल नहीं रहा है। राज्य में गुंडे, माफिया तथा गैंगस्टर अपने कामों में लगे हैं। बिहार राज्य की कानून-व्यवस्था बेहद खराब है। अपने राज्य को संभालने में नाकाम नीतीश कुमार अब उत्तर प्रदेश के चक्कर काट रहे हैं। नीतीश को पता है कि अब आगे उनका विधायक नही जीत सकता।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।