अरवल में NH-139 के पास 127.69 एकड़ में बनेगा मॉडर्न इंडस्ट्रियल एरिया, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज
कलेर (अरवल) में राष्ट्रीय राजमार्ग-139 के किनारे 127.69 एकड़ भूमि पर आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
NH-139 किनारे 127.69 एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र विकास।
बियाडा द्वारा विकसित, 37 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत।
स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, पलायन में कमी आएगी।
संवाद सूत्र, कलेर (अरवल)। जिले में औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। कोरियम और सोनवर्षा पंचायत के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-139 से सटे 127.69 एकड़ भूमि पर आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
परियोजना के पूरा होने के बाद अरवल को पहली बार बड़े औद्योगिक निवेश का केंद्र बनाने की उम्मीद है, जिससे जिले की आर्थिक तस्वीर बदल सकती है।
बियाडा के माध्यम से होगा विकास
औद्योगिक क्षेत्र के लिए कुल 65.95 एकड़ सरकारी भूमि उद्योग विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है, जबकि 61.74 एकड़ निजी भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
प्रस्तावित परियोजना का विकास बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) के माध्यम से किया जाएगा। इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस औद्योगिक परिसर के रूप में विकसित करने की योजना है, जहां विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की स्थापना होगी।
यह परियोजना पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणा का परिणाम है। राज्य सरकार ने भी इस महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी देते हुए करीब 37 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
पलायन में आएगी कमी
प्रशासन का मानना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा होने के कारण यह क्षेत्र निवेशकों के लिए आकर्षक साबित होगा। अरवल लंबे समय से उद्योगों के अभाव से जूझता रहा है।
रोजगार के सीमित अवसरों के कारण यहां के हजारों युवाओं को दिल्ली, मुंबई, गुजरात और पंजाब सहित अन्य राज्यों में काम की तलाश में पलायन करना पड़ता है।
औद्योगिक हब बनने के बाद स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे पलायन में कमी आने की संभावना है। साथ ही कोरियम, सोनवर्षा और आसपास के गांवों में सड़क, बिजली, परिवहन तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज
भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि निजी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
सरकारी भूमि का हस्तांतरण पूरा हो चुका है और शेष औपचारिकताएं भी शीघ्र पूरी कर ली जाएंगी। परियोजना के धरातल पर उतरने के साथ ही अरवल के औद्योगिक विकास का नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- बिहार में बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर सेवा, नए कनेक्शन से लेकर बिल भुगतान सब होगा ऑनलाइन
यह भी पढ़ें- Bihar Stone Mining: बिहार में पत्थर खनन पट्टों की ई-नीलामी तेज, कलेक्टरों को मिले अधिकार