डेहरी EO मर्डर केस: मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट में मौत की वजह आई सामने; एसपी के नेतृत्व में SIT कर रही जांच
रोहतास के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के ईओ विमल कुमार हत्याकांड में जांच तेज हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि उनकी मौत कठोर वस्तु से ...और पढ़ें

डेहरी डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी रहे विमल कुमार। फाइल
HighLights
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या के अहम तथ्यों का खुलासा किया।
कठोर वस्तु से प्रहार, दम घुटने से हुई थी ईओ की मौत।
चालक गिरफ्तार, नहर से बरामद हुई हत्या में प्रयुक्त रॉड।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। रोहतास के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है। मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई अहम तथ्यों से पर्दा उठा दिया है।
सासाराम में चिकित्सकों की टीम द्वारा किए गए पोस्टमार्टम से यह स्पष्ट हुआ है कि ईओ की मौत कठोर और कुंद वस्तु से कई बार प्रहार किए जाने, दम घुटने तथा अत्यधिक रक्तस्राव (हेमरेजिक शाॅक) के कारण हुई थी।
नहर से बरामद की गई थी रॉड
मगध क्षेत्र के IG विकास वैभव ने बताया कि मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार ईओ को गंभीर चोटें किसी कठोर वस्तु से पहुंचाई गई थीं, जिससे उनकी मौत हुई। रिपोर्ट के आधार पर यह लगभग स्पष्ट हो गया है कि नहर से बरामद लोहे की राॅड से हत्या को अंजाम दिया गया।
आइजी ने बताया कि गिरफ्तार चालक मिथिलेश कुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त राॅड गोताखोरों की मदद से पानी भरी नहर से बरामद की गई थी।
आठ सदस्यीय एसआईटी कर रही जांच
चालक ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है। हालांकि, मामले में अन्य लोगों की भूमिका से इनकार नहीं किया गया है। ईओ की पत्नी द्वारा चालक के अलावा अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस इस पहलू पर भी गंभीरता से जांच कर रही है।
आईजी ने बताया कि एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के नेतृत्व में औरंगाबाद व रोहतास पुलिस की संयुक्त आठ सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है, जो मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
इस हत्याकांड से जुड़े हर तथ्य को सामने लाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बता दें कि इओ की हत्या शनिवार रात डेहरी से पटना जाने के दौरान बारुण थाना क्षेत्र में कर दी गई थी।