औरंगाबाद में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, डंडे से पीटकर बुजुर्ग की हत्या; कई घायल
औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र के ठाकुर मोहल्ला में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। इस घटना में 60 वर्षीय शहाबुद्दीन की मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1778901462839_m.webp)
AI Generated Image

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। ओबरा थाना क्षेत्र के ठाकुर मोहल्ला में शुक्रवार की शाम पुराने विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे के साथ तलवार चलने लगे।
घटना में वृद्ध की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण घायल हो गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है जिनमें तीन की हालत गंभीर है। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान ठाकुर मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय शहाबुद्दीन के रूप में की गई है। वहीं दूसरे पक्ष से मोहम्मद मेहराब अली, उनकी पत्नी अफसाना परवीन, मोहम्मद इमरान, उनकी पत्नी, मोहम्मद ताहिर, मोहम्मद तनवीर अली तथा मेहराब अली का भतीजा अरमान गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा भी कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
घायल मेहराब अली ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। शुक्रवार को गाली के बाद विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिदिन आने-जाने के दौरान दूसरे पक्ष के लोग गाली-गलौज करते थे, जिससे विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस टीम भेजी गई थी। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।