भागलपुर रेलवे की बड़ी पहल: ₹13 करोड़ से बनेंगे दो अंडरपास, 50000 लोगों के आवागमन में होगी सुविधा
भागलपुर में भोलानाथ रेलवे पुल और भीखनपुर गुमटी के बीच दो अंडरपास बनाए जा रहे हैं, जिनमें से एक की लॉन्चिंग हो चुकी है। ...और पढ़ें
-1785551125611_m.webp)
भीखनपुर गुंमटी एक के पास अंडरपास लांचिंग के बाद पटरी बिछाते हुए । जागरण
HighLights
भीखनपुर गुमटी नंबर एक पर अंडरपास की लॉन्चिंग हुई।
कुल 13 करोड़ की लागत से दो अंडरपास बनेंगे।
50 हजार से अधिक लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भोलानाथ रेलवे पुल और भीखनपुर गुमटी नंबर तीन के बीच शंटिंग यार्ड बनने के बाद भीखनपुर गुमटी नंबर एक और दो का रास्ता बंद हो जाएगा।
इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो इसके लिए शुक्रवार को गुमटी नंबर एक के पास छह मीटर चौड़े और 4.65 मीटर ऊंचे अंडरपास बाक्स की लांचिंग की गई। इसके लिए करीब 8.5 मीटर मिट्टी की खोदाई की गई। 12 आरसीसी बाक्स सेगमेंट और 11 आरसीसी स्लैब सेगमेंट सफलतापूर्वक लगाए गए।
अंडरपास बाक्स के ऊपर वाटरप्रूफिंग के बाद क्रेन की मदद से पटरियां रखी गईं। इसके बाद ट्रेन चलाकर अंडरपास की भार क्षमता और मजबूती की जांच की गई। खाली स्थानों में मिट्टी और स्टोन डस्ट भरकर संरचना को मजबूत किया गया।
करीब 10 घंटे तक चले इस कार्य में 200 से अधिक कामगार लगाए गए। इनमें मालदा मंडल के कलियाचक से 130 कामगार भी शामिल थे। दो क्रेन और पांच पोकलेन मशीनों की मदद ली गई। दिसंबर तक काम पूरा हो जाएगा।
जिसके बाद भीखनपुर, इशाकचक, लालूचक, गुमटी नंबर 12, जिच्छो, सरधो, सरमसपुर समेत दर्जनों इलाकों के 50 हजार से अधिक लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। छोटे चार चक्का वाहनों का भी परिचालन हो सकेगा। लांचिंग कार्य के दौरान एईएन गौतम कुमार, आइओडब्ल्यू ओमप्रकाश भगत सहित कई रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।
खबरें और भी

18 फीट चौड़ी सड़क से जुड़ेगा अंडरपास
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यू-शेप में बनाए जा रहे अंडरपास को सुगम आवागमन के लिए संपर्क सड़क से जोड़ा जाएगा। रेलवे की जमीन पर गुमटी नंबर एक के पास 18 फीट चौड़ी और 100 मीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी, जो ज्ञानेंद्र चंद्र मुखर्जी (जीएन मुखर्जी) रोड से जुड़ेगी। जलजमाव रोकने के लिए ड्रेनेज और नाला बनाया जाएगा। स्ट्रीट लाइट की भी व्यवस्था होगी। इस पूरी सुविधा पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे।
गुमटी नंबर दो के पास भी बनेगा अंडरपास
गुमटी नंबर एक के बाद अब गुमटी नंबर दो के पास अंडरपास बनाया जाएगा। यहां भी 12 आरसीसी बाक्स लगाए जाएंगे। अंडरपास की चौड़ाई छह मीटर और ऊंचाई 3.5 मीटर होगी। इसे भी रेलवे की जमीन पर संपर्क सड़क से जोड़ा जाएगा।
करीब 18 फीट चौड़ी और 100 मीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी, जो त्रिमूर्ति चौक के पास जुड़ेगी। यहां भी जलनिकासी और नाले की व्यवस्था होगी। इस अंडरपास और संपर्क मार्ग पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। दो अगस्त को इसकी लांचिंग प्रस्तावित है। दोनों अंडरपास स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षित और सुगम वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराएंगे।

दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य
एईएन विद्युत मंडल ने बताया कि बरसात के कारण काम प्रभावित हो सकता है, फिर भी दिसंबर तक योजना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। यह कार्य लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) निर्माण परियोजना का हिस्सा है, जिसे दो नई स्टेबलिंग लाइनों के विकास के तहत कराया जा रहा है।
संपर्क मार्ग बनने के बाद रेलवे लाइन के दोनों ओर रहने वाले लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और वर्तमान समपार फाटक का सुरक्षित विकल्प उपलब्ध होगा। इससे रेलवे सुरक्षा बढ़ने के साथ ट्रेन परिचालन अधिक सुचारु और समयनिष्ठ होने की उम्मीद है।