श्रावणी मेला 2026: तेजस-वंदे भारत छोड़कर सुल्तानगंज में रुकेगी सभी एक्सप्रेस ट्रेनें, स्टेशन पर मिलेंगे फल-दही-चूड़ा
मालदा डिवीजन के एडीआरएम ने अजगैवीनाथ धाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों का जायजा लिया। तेजस और वंदे भारत को छोड़कर सभी एक् ...और पढ़ें

HighLights
तेजस-वंदे भारत छोड़कर सभी एक्सप्रेस ट्रेनें सुल्तानगंज में रुकेंगी।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
स्टेशन पर दही-चूड़ा, फल, शुद्ध पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्था।
संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारी को लेकर मालदा डिवीजन के एडीआरएम अमरेंद्र कुमार मौर्य ने विभागीय अधिकारियों के साथ अजगैवीनाथ धाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि पूरे एक माह तक तेजस एवं वंदे भारत छोड़कर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुल्तानगंज स्टेशन पर होगा। इसके अतिरिक्त, मेला स्पेशल ट्रेन सुल्तानगंज-देवघर और जमालपुर-देवघर के बीच चलाई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में आसानी हो।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को साफ-सफाई, स्थायी कांवड़िया विश्रामगृह में सारी सुविधाएं बहाल करने के अलावा अस्थायी ठहराव शिविर, सीसीटीवी कैमरा, स्वच्छ शौचालय, नाला को 27 जुलाई तक दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पियाऊ से प्लेटफार्म पर पानी बहता एवं प्लेटफार्म के छत से पानी टपकता देख एडीआरएम ने अधिकारियों को फटकार लगाई और अतिशीघ्र इसमें सुधार का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि डीआरएम के निर्देशानुसार अजगैवीनाथ धाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया।
एफओबी का कार्य युद्ध स्तर से किया जा रहा है, 27 जुलाई के पूर्व एफओबी का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। स्टेशन परिसर में एक बार रूम का निर्माण कराया जाएगा। जबकि, सर्कुलेटिंग एरिया पर सहायता केंद्र के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जाएगा।
मेले के दौरान अजगैवीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशन पर किसी भी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी। यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल, भोजन, शौचालय, बिजली, चिकित्सा और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
खबरें और भी
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए इस वर्ष रेलवे स्टेशन पर भोजन के स्टॉल पर दही चूड़ा एवं फल की भी व्यवस्था होगी। रेलवे का मुख्य उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले कांवरियों को रेलवे स्टेशन पर बेहतर अनुभव प्रदान करना है।
स्टेशन पर 15 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे
एडीआरएम ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 15 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और आरपीएफ हेल्प सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
एडीआरएम ने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रवंधक गिरीश कुमार सिंह सहित के रेलवे के विभागीय अधिकारी व रेल पुलिस मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- श्रावणी मेला 2026: भागलपुर-अजगैवीनाथ धाम स्टेशनों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 24 घंटे मिलेगी मेडिकल सुविधा
यह भी पढ़ें- श्रावणी मेले से पहले बांका कांवड़िया पथ पर छाया अंधेरा, खराब पड़ी हैं हाईमास्ट व स्ट्रीट लाइटें