Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में IO ने शुरू की जांच, माता-पिता और परिवारवालों से की पूछताछ

    Updated: Sat, 04 Jul 2026 10:59 PM (IST)

    भोजपुर के बिलौटी गांव में 17 जून को हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर प्रकरण की जांच अनुसंधानकर्ता संजीव कुमार ने शुरू कर दी है। ...और पढ़ें

    भरत तिवारी एनकाउंटर मामला। (जागरण)

    भरत तिवारी एनकाउंटर मामला। (जागरण)

    HighLights

    1. भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच शुरू हुई।

    2. अनुसंधानकर्ता ने परिजनों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए।

    3. मामले का पर्यवेक्षण शाहाबाद डीआईजी डॉ. सत्यप्रकाश करेंगे।

    जागरण टीम, आरा/ शाहपुर। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर प्रकरण की जांच अनुसंधानकर्ता (आईओ) पुलिस इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने शुरू कर दी है।

    इस क्रम में उन्होंने गांव पहुंचकर मृतक के पिता काशीनाथ तिवारी, मां आशा देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए। गौरतलब है कि इस कांड का पर्यवेक्षण शाहाबाद डीआईजी डॉ. सत्यप्रकाश करेंगे।

    इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने उन्हें अधिकृत किया है। मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार, एसटीएफ के जवान अक्षय तथा मृतक भरत भूषण तिवारी के पास से बरामद देसी पिस्तौल को जांच के लिए जब्त किया गया है।

    उल्लेखनीय है कि 17 जून को शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ के दौरान भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी।

    पांच गोलियां लगने की हुई पुष्टि

    पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर में पांच गोलियां लगने की पुष्टि हुई है। इस मामले में पुलिस की ओर से दो तथा मृतक की मां आशा देवी की ओर से एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

    आशा देवी ने अपनी प्राथमिकी में तत्कालीन डीएसपी, तत्कालीन थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाया है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भरत तिवारी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चलाई थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई थी।

    वहीं, मृतक के स्वजन का आरोप है कि गोली लगने से पहले ही उसने अपना हथियार फेंक दिया था और उपलब्ध वीडियो भी इसी ओर संकेत करते हैं।

    इस पूरे प्रकरण की जांच पटना हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति विनोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में गठित न्यायिक जांच आयोग भी कर रहा है।

    यह भी पढ़ें- बिहार में भरत तिवारी एनकाउंटर पर बंट गया NDA, विपक्ष से ज्यादा सत्ता पक्ष के नेताओं ने जताया विरोध 

    यह भी पढ़ें- भरत तिवारी मुठभेड़ से चर्चित SDPO राजेश शर्मा का मुजफ्फरपुर में 19 साल पुराना एक और एनकाउंटर केस खुलेगा