बक्सर के डुमरांव में सात माह में टूटी 60 लाख की सड़क, जांच प्रभावित करने का आरोप
बक्सर के डुमरांव में सात माह पहले बनी 60 लाख की पीसीसी सड़क में दरारें पड़ने से गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। जांच प्रभावित करने के प्रयास, जैसे रात में स ...और पढ़ें
-1776002537815_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र के विस्तारित वार्ड संख्या 12 में सात माह पहले बनी करीब 60 लाख रुपये की पीसीसी सड़क में दरारें पड़ने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में पुराना भोजपुर मिशन स्कूल (एनएच-120) के पश्चिम से भोजपुर पोखर तक करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कराया गया था, जो अब कई जगहों पर फटने और उखड़ने लगी है।
मामला अब जांच के दायरे में है, लेकिन इसी बीच जांच को प्रभावित करने के प्रयास के भी आरोप सामने आ रहे हैं। बताया जाता है कि हाई टेंशन बिजली टावर के नीचे बनाई गई सड़क के हिस्से को रात के अंधेरे में ध्वस्त कर दिया गया, जिससे साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है।
स्थिति को और गंभीर बनाते हुए इस योजना से संबंधित संचिका नगर परिषद कार्यालय से गायब बताई जा रही है। वहीं, आरोप है कि कार्य एजेंसी तत्कालीन जेई अंजनी कुमार द्वारा नए सिरे से प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।
कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे ने मामले की जांच के लिए जेई इलिका कुमारी को निर्देश दिया था, लेकिन अब तक जांच पूरी नहीं हो सकी है और प्रतिवेदन लंबित है, जिससे जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं।
इधर, कार्य एजेंसी जेई अंजनी कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि सड़क निर्माण नगर परिषद के ठेकेदार अशोक कुमार एवं तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी के एक बाहरी चहेते ठेकेदार को मेठ बनाकर कराया गया था और गड़बड़ी मेठ द्वारा की गई है।
उन्होंने बताया कि टूटे हिस्से की मरम्मत का निर्देश दिया गया है, हालांकि संचिका गायब होने के सवाल पर उन्होंने चुप्पी साध ली। अनियमितता की शिकायत पर लोक शिकायत विभाग ने सख्ती दिखाते हुए 22 अप्रैल को सुनवाई की तिथि निर्धारित की है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।