4 ज्योतिर्लिंग और शिरडी का एक साथ करें दर्शन, रक्सौल से 1 सितंबर को चलेगी स्पेशल ट्रेन
आईआरसीटीसी 1 सितंबर को रक्सौल से 'भारत गौरव पर्यटक ट्रेन' चला रहा है, जो 8 रात और 9 दिन की यात्रा में प्रमुख ज्योतिर्लिंगों और शिरडी साईं बाबा के दर्श ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
आईआरसीटीसी की भारत गौरव ट्रेन 1 सितंबर को रक्सौल से चलेगी।
उज्जैन, नासिक, संभाजीनगर के ज्योतिर्लिंग और शिरडी साईं दर्शन शामिल।
ऑल-इन्क्लूसिव पैकेज में भोजन, आवास, यात्रा बीमा जैसी सुविधाएं।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) की ओर से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ' ज्योतिर्लिंग दर्शन एवं श्री साईं दर्शन यात्रा ' के लिए विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
यह ट्रेन एक सितंबर को रक्सौल रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। इस बाबत बुधवार को दरभंगा जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या एक पर प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने कहा कि यह यात्रा आठ रात और नौ दिनों की होगी, इसमें श्रद्धालुओं को देश के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
इसके तहत उज्जैन के महाकालेश्वर एवं ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, नासिक स्थित त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, शिरडी के श्री साईं बाबा दर्शन के अलावा छत्रपति संभाजीनगर के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग का दर्शन कराया जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन का ठहराव रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज छिवकी स्टेशनों पर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह एक आल-इन्क्लूसिव टूर पैकेज है। इसमें रेल यात्रा, भोजन, ठहरने के लिए आवास व्यवस्था, स्थानीय भ्रमण हेतु बस परिवहन, आनबोर्ड सुरक्षा, यात्रा बीमा और आईआरसीटीसी की विशेष आतिथ्य सेवाएं शामिल हैं।
यह पहल भारत सरकार के 'देखो अपना देश' और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' अभियानों के तहत घरेलू पर्यटन और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
अधिक जानकारी व बुकिंग के लिए यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट (www.irctc.com) या पटना स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। प्रेस वार्ता में आईआरसीटीसी के कोलकाता अवर महाप्रबंधक योगेंद्र सिंह, संजीव कुमार समेत अन्य मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- श्रावणी मेले के लिए धनबाद-पटना इंटरसिटी को मिले दो नए ठहराव, अथमलगोला और फतुहा के यात्रियों को लाभ
यह भी पढ़ें- श्रावणी मेला 2026 में देवघर-सुल्तानगंज जाना हुआ आसान, बरौनी-बेगूसराय होकर चलेंगी 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें