मोतिहारी में घंटों के जाम से जल्द मिलेगी मुक्ति, एमएस कॉलेज फाटक पर बनने लगा लाइट आरओबी
मोतिहारी के एमएस कॉलेज फाटक पर लाइट आरओबी का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिससे शहरवासियों को लंबे समय से लगने वाले भीषण जाम से जल्द मुक्ति मिलेगी। य ...और पढ़ें

पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में निर्माण कार्य में लगे मजदूर। जागरण
HighLights
एमएस कॉलेज फाटक पर लाइट आरओबी निर्माण शुरू।
1.5 करोड़ की लागत से 175 मीटर लंबा आरओबी।
पैदल, साइकिल, दोपहिया वाहनों के लिए विशेष।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) । बापूधाम मोतिहारी स्टेशन के समीप स्थित एमएस कालेज संपर्क फाटक संख्या-161 पर लगने वाले भीषण जाम से शहरवासियों को जल्द मुक्ति मिलने वाली है।
लंबे समय से तकनीकी अड़चनों में फंसी लाइट आरओबी परियोजना को अब पंख लग गए हैं। सांसद राधा मोहन सिंह के हस्तक्षेप के बाद समस्तीपुर रेल मंडल से इस परियोजना को क्लीयरेंस मिलने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है।
निर्माण एजेंसी ने एमएस कालेज संपर्क फाटक पर लाइट आरओबी निर्माण के लिए पाइलिंग का कार्य शुरू कर दिया है। एजेंसी ने बताया आरओबी निर्माण के लिए 116 जगहों पर 24 मीटर गहरा पाइलिंग किया जाना है।
पायलिंग का कार्य पूरा होते ही इसके निर्माण गति और तेज हो जाएगी। इस निर्माण से एमएस कालेज गेट पर घंटों लगने वाले जाम से छात्रों और स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
आरओबी की विशेषताएं एक नजर में
- लाइट आरओबी निर्माण में 1.5 करोड़ की लागत आएगी ।
- आरओबी की कुल लंबाई 175 मीटर और चौड़ाई तीन मीटर होगी ।
- ट्रैक के पूर्व में ( जानपुल ) की ओर 72 मीटर और पश्चिम ( मालगोदाम) की ओर 72 मीटर विस्तार किया जाएगा ।
- 26 पिलरों पर खड़ा होगा लाइट आरओबी
- रेलवे ट्रैक के ऊपर 30 मीटर का हिस्सा बिना किसी पिलर के कंपोजिट स्टील गार्डर से निर्माण होगा।
- यह लाइट आरओबी विशेष रूप से पैदल यात्रियों, साइकिल सवारों और दोपहिया वाहनों के लिए डिजाइन किया गया है।
- सुरक्षा और क्षमता को देखते हुए इस आरओबी से तीन पहिया (आटो , ई-रिक्शा) , चार पहिया या भारी वाहनों के गुजरने की अनुमति नहीं होगी ।
यह भी पढ़ें- दोहरीकरण से बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार, बेतिया, चनपटिया, कुमारबाग और नरकटियागंज की बदलेगी तस्वीर