जमुई में IOCL की पाइपलाइन में सेंधमारी, वाल्व लगाकर टैंकरों से उड़ाया लाखों का क्रूड ऑयल
जमुई के झाझा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने इंडियन ऑयल की भूमिगत पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर बड़े पैमाने पर क्रूड ऑयल की चोरी की। तेल का दबाव कम होने पर ...और पढ़ें
-1784191908893_m.webp)
क्षतिग्रस्त पाइप को ठीक करते कर्मी।
HighLights
जमुई में IOCL की भूमिगत पाइपलाइन से बड़े पैमाने पर तेल चोरी।
चोरों ने वाल्व लगाकर लाखों रुपये का क्रूड ऑयल चुराया।
पुलिस जांच में जुटी, तकनीकी टीम पाइपलाइन की मरम्मत कर रही।
संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। झाझा थाना क्षेत्र के बाराजोर के समीप अपराधियों ने इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की भूमिगत हल्दिया-बरौनी तेल पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर बड़े पैमाने पर क्रूड ऑयल की चोरी कर ली।
घटना प्वाइंट संख्या 409.5 के पास की है। जिसका खुलासा बुधवार की शाम को हुआ। तेल चोरी की इस बड़ी वारदात से पुलिस और आईओसीएल महकमे में हड़कंप मच गया है। दरअसल, कंपनी के मुख्यालय को संबंधित प्वाइंट के पास अचानक तेल का प्रेशर कम होने का अलर्ट मिला।
तकनीकी खराबी या लीकेज की आशंका को देखते हुए आईओसीएल के अधिकारी और सुरक्षाकर्मी तुरंत बाराजोर स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। वहां का नजारा देख अधिकारी दंग रह गए।
चोरों ने पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए जमीन में एक बड़ा गड्ढा खोद रखा था और मुख्य पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर उसमें अवैध रूप से वाल्व लगा दिया था। इसी वाल्व के जरिए भारी मात्रा में क्रूड ऑयल की चोरी की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत झाझा थाना पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू की। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने इस दुस्साहसिक वारदात को शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को अंजाम दिया था।

(घटना स्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस)
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को चार पहिया वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर तेल ले जाने के लिए टैंकर या बड़े वाहन का इस्तेमाल कर रहे थे। चोरों के सुराग तलाशने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ विशेष टेक्निकल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
खबरें और भी
वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अपराधियों को चिह्नित करने की कोशिश कर रही है। उधर, पाइपलाइन को दुरुस्त करने के लिए 16 सदस्यीय तकनीकी टीम तुरंत काम पर जुट गई।
मेंटेनेंस कर्मी मु. कलीम ने बताया कि चोरों द्वारा लगाए गए वाल्व को हटाकर क्षतिग्रस्त हिस्से पर विशेष कवर (क्लैंप) लगाया जा रहा है। मरम्मत का काम पूरा होते ही तेल की आपूर्ति दोबारा सामान्य कर दी जाएगी।
आईओसीएल के परिचालक व रख-रखाव पदाधिकारी अतुल्य शिवम द्वारा मामले को लेकर झाझा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया देर शाम तक जारी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।