नेपाल के रास्ते भारत में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, किशनगंज में अवैध वीजा के साथ बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
किशनगंज में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने एक बांग्लादेशी नागरिक को एक्सपायर्ड वीजा के साथ भारत में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, ठाकुरगंज (किशनगंज)। भारत-नेपाल सीमा (Indo-Nepal Border) पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 41वीं वाहिनी, रानीडांगा ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक्सपायर्ड वीजा के सहारे भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया।
आरोपी को पानीटंकी स्थित ओल्ड ब्रिज बीआईटी चेक पोस्ट पर पकड़ा गया। मामले में विदेशी अधिनियम एवं पासपोर्ट अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसएसबी द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को बीआईटी चेक पोस्ट, ओल्ड ब्रिज पर नियमित जांच के दौरान एसएसबी जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। पूछताछ के दौरान उसने अपना पासपोर्ट एवं वीजा प्रस्तुत किया। दस्तावेजों की जांच में पता चला कि उसका वीजा काफी पहले समाप्त हो चुका है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद मुख्तेर हुसैन (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के ढाका जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मदन मोहनपुर का निवासी है।
2023 में आया था भारत, फिर हो गया अवैध रूप से गायब
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 30 अगस्त 2023 को आईसीपीएस हरिदासपुर के रास्ते वैध दस्तावेजों के साथ भारत में दाखिल हुआ था। उसका वीजा 23 सितंबर 2023 तक ही वैध था, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी वह अवैध रूप से कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में करीब एक वर्ष तक छिपकर रहता रहा।
यूरोप भेजने का झांसा देकर नेपाल पहुंचाया
आरोपी ने खुलासा किया कि कोलकाता में उसकी मुलाकात एक एजेंट (दलाल) से हुई थी, जिसने उसे नेपाल के रास्ते यूरोप भेजकर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। एजेंट उसे भारत-नेपाल सीमा के किसी अज्ञात रास्ते से नेपाल ले गया।
खबरें और भी
हालांकि आरोपी को रास्ते और स्थानों की सही जानकारी नहीं है।नेपाल पहुंचने के बाद वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से वेल्डर का काम कर रहा था। इसी दौरान एजेंट उससे संपर्क तोड़कर फरार हो गया।
मां की सलाह पर किया सरेंडर का फैसला
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हाल के दिनों में बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई और डिपोर्टेशन की खबरें उसकी मां तक पहुंचीं। उसकी मां ने उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत आत्मसमर्पण कर स्वदेश लौटने की सलाह दी।
इसके बाद वह 02 जून 2026 को काठमांडू से बस पकड़कर काकरभिट्टा पहुंचा और पानीटंकी ओल्ड ब्रिज के रास्ते पैदल भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था, तभी एसएसबी जवानों ने उसे पकड़ लिया।
एसएसबी, स्थानीय पुलिस तथा खुफिया एजेंसियों द्वारा संयुक्त पूछताछ के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए खोरीबाड़ी थाना को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम एवं पासपोर्ट अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- बिहार सरकार के खिलाफ राजद का हल्ला बोल, धरना से गिरफ्तारी तक चलेगा आंदोलन
यह भी पढ़ें- बिहार केबिनेट के फैसले: उद्यमियों को सब्सिडी, कैमूर मिल्क प्लांट और बक्सर में 483 करोड़ का प्रोजेक्ट मंजूर