भारत-नेपाल सीमा का लॉजिस्टिक्स हब बनेगा गलगलिया: स्टेशन का होगा कायाकल्प, नए ओवरब्रिज को मिली मंजूरी
रेल मंत्रालय ने गलगलिया रेलवे फाटक पर दो लेन ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी दे दी है, जिससे भारत-नेपाल सीमा पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को जल्द राहत ...और पढ़ें
-1785414196273_m.webp)
AI Generated Image
HighLights
गलगलिया रेलवे फाटक पर दो लेन ओवरब्रिज को मंजूरी मिली।
स्टेशन आधुनिकीकरण से मिलेगी नई पहचान, व्यापार बढ़ेगा।
भारत-नेपाल सीमा पर महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक्स हब बनेगा यह क्षेत्र।
संवाद सूत्र, गलगलिया (किशनगंज)। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित गलगलिया रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को जल्द राहत मिलेगी।
रेल मंत्रालय ने गलगलिया बस पड़ाव से भद्रपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर दो लेन रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी दे दी है। परियोजना को विशेष रेलवे परियोजना का दर्जा दिया गया है, जिससे इसके निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
रेल मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार एडीक्यू–गलगलिया रेलखंड के किलोमीटर 43/9 से 44/0 के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या एसके 247 के स्थान पर आधुनिक दो लेन ओवरब्रिज बनाया जाएगा। परियोजना का क्रियान्वयन पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य परियोजना प्रबंधक, कटिहार की देखरेख में किया जाएगा।
स्टेशन आधुनिकीकरण के साथ मिलेगा नया आयाम
गलगलिया रेलवे स्टेशन पर पहले से करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण का कार्य चल रहा है। इसके तहत नए स्टेशन भवन, अप्रोच रोड, प्लेटफॉर्म विस्तार, ओवरहेड वाटर टैंक और यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
साथ ही आधुनिक गुड्स शेड, रेलवे यार्ड और नई रेल लाइन का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्र में माल ढुलाई की क्षमता बढ़ेगी और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
जाम और दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत
वर्तमान में रेलवे फाटक बंद होने पर नेपाल, उत्तर बंगाल और सीमांचल के बीच आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। ओवरब्रिज बनने के बाद बिना रुके आवागमन संभव होगा, जिससे समय की बचत होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
खबरें और भी
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी होगी तेज
परियोजना के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को सक्षम प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। इससे भूमि अधिग्रहण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी आएगी तथा निर्माण कार्य समय पर शुरू होने की संभावना बढ़ गई है।
व्यापार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
स्थानीय लोगों ने रेलवे के फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि रेलवे ओवरब्रिज, स्टेशन आधुनिकीकरण, गुड्स यार्ड और नई रेल लाइन जैसी परियोजनाएं पूरी होने के बाद गलगलिया भारत-नेपाल सीमा पर एक महत्वपूर्ण रेलवे लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभरेगा। इससे व्यापार, परिवहन और निवेश की संभावनाओं को भी नया बल मिलेगा।