विक्रमशिला सेतु हादसे के बाद लखीसराय जिले के बड़हिया में ट्रैफिक संकट, NH-80 पर लगातार जाम
भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद, भारी वाहनों का दबाव बड़हिया के NH-80 पर बढ़ गया है, जिससे बाजार में लगातार जाम की स्थिति बनी ...और पढ़ें

शहर के शहीद द्वार के पास मुख्य सड़क पर लगा महाजाम
HighLights
विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने से बड़हिया में जाम।
NH-80 पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ा।
संकीर्ण सड़क, अतिक्रमण और पार्किंग से यातायात प्रभावित।
संवाद सूत्र, बड़हिया (लखीसराय)। भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु के रविवार रात क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद इसका सीधा असर लखीसराय जिले के एनएच-80 सहित बड़हिया क्षेत्र में देखने को मिल रहा है।
मुंगेर स्थित श्रीकृष्ण सेतु से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगने के कारण एनएच-80 पर ट्रकों का दबाव काफी बढ़ गया है, जिससे बड़हिया बाजार में लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मुंगेर स्थित श्रीकृष्ण सेतु से केवल 20 टन तक भार वाले वाहनों को ही अनुमति दी गई है, जबकि इससे अधिक भार वाले वाहनों को बेगूसराय-सिमरिया सिक्स लेन, हाथीदह, मोकामा होते हुए डायवर्ट किया गया है।
इसके चलते अब बड़ी संख्या में भारी वाहन बड़हिया होकर गुजर रहे हैं। बड़हिया बाजार से गुजरने वाली एनएच-80 सड़क संकरी होने और मुख्य चौक पर 90 डिग्री मोड़ होने के कारण ट्रकों को मुड़ने में भारी परेशानी हो रही है। कई वाहन यहां घंटों फंस जाते हैं या खराब हो जा रहे हैं।
बाईपास मोड़ पर भी यही स्थिति बनी हुई है। स्थानीय दुकानदारों द्वारा सड़क पर किए गए अतिक्रमण, फल-सब्जी व अन्य दुकानों के फैलाव तथा ऑटो-ई-रिक्शा की अव्यवस्थित पार्किंग से सड़क और भी संकरी हो जाती है। इसके कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
श्रीकृष्ण चौक से लेकर लोहिया चौक, नागवती स्थान और बाहापुल तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। जाम के कारण आम यात्रियों के साथ-साथ एंबुलेंस और शादी-ब्याह के वाहन भी घंटों फंसे रहते हैं। प्रशासन द्वारा बाईपास मोड़ पर केवल एक होमगार्ड जवान की तैनाती की गई है, जिससे पूरी यातायात व्यवस्था का दबाव बढ़ गया है।
वहीं, श्रीकृष्ण चौक पर अब तक ट्रैफिक पुलिस की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। बड़हिया थानाध्यक्ष ने बताया कि जाम नियंत्रण के लिए पुलिस पदाधिकारियों को लगातार गश्त पर लगाया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था को किसी तरह सुचारू रखा जा सके।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- भागलपुर फ्यूल क्राइसिस : कई पेट्रोल पंप ड्राय, 200 रुपये तक की लिमिट, बोले अफसर- विक्रमशिला सेतु टूट गया है
यह भी पढ़ें- Bhagalpur News: पुल हादसे के बाद गंगा में 25 साल बाद ट्रैफिक लोड, हर घंटे पार कर रहे 2200 से अधिक यात्री
यह भी पढ़ें- भागलपुर विक्रमशिला सेतु में 13 जगहों पर बढ़ी दरार, मरम्मत का खर्च 75-80 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान