लखीसराय में आज महागठबंधन का विरोध मार्च: प्रशासन ने दी सशर्त मंजूरी, केआरके मैदान से कलेक्ट्रेट गेट तक रहेगा रूट
लखीसराय में महागठबंधन के विरोध मार्च को जिला प्रशासन ने सशर्त अनुमति दे दी है, जो केआरके मैदान से समाहरणालय गेट तक होगा। ...और पढ़ें
-1784956064894_m.webp)
लखीसराय में सुरक्षा व्यवस्था
HighLights
महागठबंधन विरोध मार्च को लखीसराय प्रशासन ने सशर्त अनुमति दी।
मार्च केवल केआरके मैदान से समाहरणालय गेट तक होगा।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन सुनिश्चित करने हेतु सुरक्षा के कड़े इंतजाम।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। आज (25 जुलाई) महागठबंधन के बैनर तले प्रस्तावित विरोध मार्च को जिला प्रशासन ने सशर्त अनुमति प्रदान कर दी है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) द्वारा जारी आदेश के अनुसार मार्च का आयोजन केवल केआरके मैदान से समाहरणालय गेट (जमुई मोड़) तक किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों को जिला समाहरणालय परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मार्च के दौरान किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र या लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं किया जाएगा। आयोजकों को शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संचालित करने, यातायात बाधित नहीं होने देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी स्वयं निभानी होगी।
आदेश के अनुसार प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ या उन्माद फैलाने वाले नारे लगाने पर रोक रहेगी। सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी तथा सार्वजनिक और निजी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी। किसी भी शर्त के उल्लंघन या अप्रिय घटना की स्थिति में आयोजकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
विरोध मार्च को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। रामगढ़ चौक के अंचल अधिकारी एवं लखीसराय के राजस्व अधिकारी को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। इनके साथ लखीसराय और कवैया थाना की पुलिस तथा पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात रहेगा।
खबरें और भी
इसके अलावा पूरे कार्यक्रम की ड्रोन से निगरानी कराई जाएगी। नगर परिषद को वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी संबंधित अधिकारियों को पूरे आयोजन के दौरान सतर्क रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक से भी पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

छात्र संगठनों का आक्रोश मार्च, कांग्रेस का कैंडल मार्च
सभी विपक्षी दलों की छात्र इकाई दोपहर 12 बजे केआरके हाई स्कूल मैदान से आक्रोश मार्च निकालेगा। आक्रोश मार्च समाहरणालय तक जाएगा और वहां जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपा जाएगा। उधर कांग्रेस ने शाम को कैंडल मार्च निकालने का निर्णय लिया है। लखीसराय में किसी संगठन ने बाजार बंद एवं चक्का जाम का आह्वान नहीं किया है।