मधुबनी नगर निगम में ऑनलाइन होल्डिंग टैक्स भुगतान की शुरुआत, अब घर बैठे कर सकेंगे जमा
मधुबनी नगर निगम में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने ऑनलाइन होल्डिंग टैक्स भुगतान मॉड्यूल का शुभारंभ किया। अब नागरिक घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से अपना होल्डि ...और पढ़ें

HighLights
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने ऑनलाइन होल्डिंग टैक्स का शुभारंभ किया।
नागरिक अब घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से टैक्स भर सकेंगे।
यह सुविधा 36 हजार से अधिक होल्डर्स के लिए उपलब्ध है।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। नगर निगम क्षेत्र के लोगों को अब होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नागरिक सुविधाओं को डिजिटल, सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने ऑनलाइन होल्डिंग टैक्स भुगतान मॉड्यूल का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
शुभारंभ के दौरान पांच होल्डर्स ने यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन टैक्स जमा कर नई व्यवस्था की शुरुआत की। कार्यक्रम में मनीष कुमार ने 39,984 रुपये, सुरेश्वर साफी ने 757 रुपये, रामचंद्र महतो ने 2,112 रुपये, इंद्रा झा ने 928 रुपये तथा पुनीता देवी ने 1,022 रुपये होल्डिंग टैक्स का ऑनलाइन भुगतान किया।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि सुशासन का रास्ता ई-गवर्नेंस से होकर गुजरता है। तकनीक के अधिकतम उपयोग से लोगों को पारदर्शी और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के 36 हजार से अधिक होल्डर्स अब www.madhubanimunicipal.com पोर्टल के माध्यम से मोबाइल या कंप्यूटर से कहीं से भी होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर सकेंगे।

(दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभांरभ करते डीएम आनंद शर्मा)
उन्होंने कहा कि समय पर टैक्स जमा करने वाले होल्डर्स को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लंबे समय से टैक्स नहीं देने वाले बकायेदारों को चिन्हित कर उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही नगर निगम जल्द ही सीएससी, वसुधा केंद्र और ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें भी होल्डिंग टैक्स भुगतान की सुविधा से जोड़ने की पहल करेगा, ताकि डिजिटल भुगतान करने में असमर्थ लोगों को भी आसानी हो सके।
खबरें और भी
नई व्यवस्था से नगर निगम क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी बड़ी राहत मिलेगी। अब वे बिना कार्यालय पहुंचे ऑनलाइन टैक्स जमा कर सकेंगे। इससे भुगतान प्रक्रिया तेज, आसान और अधिक पारदर्शी होगी। कार्यक्रम में मेयर अरुण राय, नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती, अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, उपनिदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।