Bihar News: खड़गपुर के विकास को लगेगा पंख, 92 करोड़ की लागत से संवरेगा शहर
हवेली खड़गपुर नगर परिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 92 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी बजट सर्वसम्मति से पारित किया। मुख्य पार्षद प्रभु शंकर की अध्यक् ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 92 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। मुख्य पार्षद प्रभु शंकर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर के समग्र विकास को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि हर वार्ड में दो-दो प्याऊ का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही सभी वार्डों में सड़क और नाला निर्माण के लिए जल्द टेंडर जारी होगा। शहर के शेष बिजली खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगाने और जरूरत वाले स्थानों पर हाई मास्क लाइट की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी।
नगर परिषद ने बजट में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी है। गली-नाली और सड़क निर्माण के लिए 7-7 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पेयजल व्यवस्था के लिए तीन करोड़ और जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत 1.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सफाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 8 करोड़, ड्रेनेज-सीवरेज के लिए 8 करोड़ तथा सामुदायिक शौचालय के लिए 3 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। बाजार और घाट निर्माण के लिए भी करोड़ों की राशि तय की गई है।
खबरें और भी
इसके अलावा सीसीटीवी, सामुदायिक भवन, स्ट्रीट लाइट, पार्क-सुंदरीकरण, आवास योजना और नगर भवन के जीर्णोद्धार पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। वेतन, भत्ता और पेंशन के लिए 5 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
धरातल पर उतरेगी योजना
मुख्य पार्षद ने कहा कि शहर के समग्र विकास का जो संकल्प लिया गया है, उसे हर हाल में धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, नाला, पेयजल, रोशनी और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य होगा, ताकि किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव न हो। उन्होंने पार्षदों और अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय पर योजनाओं को पूरा करना सुनिश्चित किया जाएगा।
बजट से स्पष्ट है कि नगर परिषद शहर की बुनियादी समस्याओं को दूर करने के साथ सौंदर्यीकरण और स्वच्छता पर फोकस कर रही है। यदि योजनाएं समय पर लागू होती हैं, तो हवेली खड़गपुर की तस्वीर बदल सकती है।
बैठक में ईओ विशाल मोहन, उत्तम कुमार, लक्ष्मी देवी, राजीव कुशवाहा, सरिता केशरी, पूजा देवी, श्रीन नाज, बिपिन खिरहरी, श्याम सुंदर दास समेत कई वार्ड पार्षद उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- बिहार के 22 जिलों में बदलने वाली है ट्रैफिक की तस्वीर; 141 नए ROB की तैयारी, रेल मंत्री को लिखा पत्र
यह भी पढ़ें- बिहार में मौसम का सितम रहेगा जारी, दरभंगा समेत 12 जिलों में आंधी-बारिश के ओले गिरने का अलर्ट