मुंगेर के सोझी घाट का होगा कायाकल्प: फूड कोर्ट और मनोरंजन पार्क बनेंगे, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुंगेर नगर निगम सोझी घाट को आधुनिक रूप देने की योजना पर काम कर रहा है। यहां वेंडिंग जोन, फूड कोर्ट और मनोरंजन पार्क विकसित किए जाएंगे। ...और पढ़ें
-1780493484840_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, मुंगेर। नगर निगम क्षेत्र के गंगा घाटों को स्वच्छ, सुंदर और रोजगारपरक बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और बड़ी पहल शुरू कर दी है। ऐतिहासिक कष्टहरणी घाट के जीर्णोद्धार कार्य के बीच अब सोझी घाट को आधुनिक स्वरूप देने की योजना पर काम तेज हो गया है।
प्रस्तावित योजना के तहत यहां वेंडिंग जोन, फूड कोर्ट और मनोरंजन पार्क विकसित किए जाएंगे, जिससे घाट न केवल आकर्षण का केंद्र बनेगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, मेयर कुमकुम देवी, नगर अायुक्त पार्थ गुप्ता, डीडीसी अजीत कुमार और सदर एसडीओ कुमार अभिषेक ने घाट किनारे वेंडिंग जोन के चयनित जगह का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि इसके बनने से खूबसूरती और बढ़ जाएगी साथ ही रोजगार सृजन का बेहततर प्लेटफार्म होगा।
निरीक्षण के बाद तेज हुई कवायद
नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता के निर्देश पर सहायक वास्तुविद् मृत्युंजय कुमार ने सोझी घाट का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाट के आसपास उपलब्ध खाली भूमि का जायजा लिया गया और संभावित विकास योजनाओं पर चर्चा की गई।
अधिकारियों के अनुसार संबंधित भूमि फिलहाल खास महल के अधीन है। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम ने खास महल प्रशासन से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। एनओसी मिलने के बाद योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
खबरें और भी
दो चरणों में विकसित होगी परियोजना
नगर निगम की प्रस्तावित योजना को दो हिस्सों में विकसित किया जाएगा। पहले चरण में फल एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए आधुनिक वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। यहां व्यवस्थित स्टॉल, बेहतर सर्कुलेशन व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
दूसरे चरण में फूड कोर्ट और मनोरंजन पार्क का निर्माण किया जाएगा। बच्चों के खेलने के लिए आकर्षक पार्क, परिवारों के लिए ओपन डाइनिंग एरिया, छोटे व्यवसायिक प्रतिष्ठान और रेस्टोरेंट विकसित किए जाएंगे। इससे गंगा तट पर लोगों को एक नया मनोरंजन और पर्यटन स्थल मिलेगा।
तैयार होगी थ्री-डी डिजाइन और डीपीआर
नगर निगम ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए आर्किटेक्ट्स और स्ट्रक्चरल फर्मों से कोटेशन आमंत्रित किया है। योजना के तहत लगभग 2150 वर्गमीटर क्षेत्र में वेंडिंग जोन तथा 3000 वर्गमीटर क्षेत्र में फूड कोर्ट-सह-मनोरंजन पार्क विकसित किया जाएगा।
इसके लिए विस्तृत ड्राइंग, थ्री-डी डिजाइन, रेंडरिंग और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराया जाएगा, ताकि विकास कार्य वैज्ञानिक और आधुनिक मानकों के अनुरूप हो सके।
नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना के लागू होने से सड़क और घाट किनारे फैले अव्यवस्थित कारोबार को व्यवस्थित किया जा सकेगा। इससे अतिक्रमण की समस्या कम होगी और स्थानीय युवाओं व छोटे कारोबारियों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
यदि सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो गईं तो आने वाले दिनों में सोझी घाट मुंगेर का नया पर्यटन, व्यापार और मनोरंजन केंद्र बन सकता है।
यह भी पढ़ें- किशनगंज के आलुआबाड़ी से सिलीगुड़ी रेल लाइन का होगा दोहरीकरण, जमीन अधिग्रहण की तैयारी शुरू
यह भी पढ़ें- पटना में स्कूल खुलने के बाद कोचिंग संस्थानों पर सख्त पाबंदी, जिला प्रशासन का नया आदेश जारी