बांकीपुर में बड़ा उलटफेर या BJP की वापसी? 3 एग्जिट पोल ने बढ़ाई सियासी हलचल
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान संपन्न हो चुका है और सभी की निगाहें 3 अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। एग्जिट पोल जन सुराज के प्रशांत किश ...और पढ़ें

बांकीपुर में कम मतदान ने बढ़ाई सियासी दलों की टेंशन।
HighLights
बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान संपन्न, मतगणना 3 अगस्त को।
एग्जिट पोल में जन सुराज के प्रशांत किशोर को स्पष्ट बढ़त।
कम मतदान से सभी दलों की बढ़ी चिंता, भाजपा का गढ़।
डिजिटल डेस्क, पटना। राजधानी पटना की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान संपन्न हो चुका है और सभी 25 उम्मीदवारों की किस्मत अब ईवीएम में कैद है।
अब सबकी निगाहें 3 अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब यह साफ होगा कि विधानसभा की इस प्रतिष्ठित सीट पर जनता ने किसे अपना प्रतिनिधि चुना है।
हालांकि मतदान खत्म होने के बाद से ही राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है। भाजपा, जन सुराज और राजद,तीनों प्रमुख दल अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत का दावा कर रहे हैं।
भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज ने प्रशांत किशोर और राजद ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। मुकाबला इन्हीं तीनों में माना जा रहा है।
कम मतदान ने बढ़ाई सभी दलों की बेचैनी
इस बार सबसे ज्यादा चर्चा मतदान प्रतिशत को लेकर है। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में जहां 41.39 प्रतिशत मतदान हुआ था।
वहीं उपचुनाव में यह घटकर 34.03 प्रतिशत रह गया। करीब सात प्रतिशत कम मतदान ने राजनीतिक विश्लेषकों और दलों की चिंता बढ़ा दी है।
कम मतदान के बाद तरह-तरह के राजनीतिक समीकरण और संभावनाएं सामने आने लगी हैं। इसी बीच आए कुछ एग्जिट पोल ने चुनावी मुकाबले की तस्वीर को और दिलचस्प बना दिया है।
जनमत पोल्स ने प्रशांत किशोर को बताया आगे
पॉलिटिकल रिसर्च एजेंसी जनमत पोल्स के एग्जिट पोल में जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर को स्पष्ट बढ़त मिलती दिखाई गई है। एजेंसी के अनुसार उन्हें 49 से 52 प्रतिशत तक वोट मिलने का अनुमान है।
सर्वे में भाजपा दूसरे स्थान पर दिखाई गई है। एजेंसी का अनुमान है कि भाजपा को 34 से 36 प्रतिशत और राजद को 9 से 10 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।

डीवी रिसर्च ने भी पीके को दी बढ़त
डीवी रिसर्च के एग्जिट पोल में भी प्रशांत किशोर को बढ़त मिलने का दावा किया गया है। एजेंसी के अनुसार प्रशांत किशोर को 43 प्रतिशत, जबकि भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा को 39 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।
इस सर्वे में भी राजद की रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर हैं। डीवी रिसर्च ने दावा किया है कि उसने 1,580 मतदाताओं से बातचीत के आधार पर यह एग्जिट पोल तैयार किया है।

पोल पंडित का भी दावा, पीके को 50% से अधिक वोट
एक अन्य एजेंसी पोल पंडित ने भी अपने एग्जिट पोल में प्रशांत किशोर को बड़ी जीत का अनुमान जताया है। एजेंसी के मुताबिक उन्हें 50 प्रतिशत से अधिक वोट मिल सकते हैं।

भाजपा के पक्ष में क्या हैं समीकरण?
हालांकि सभी एग्जिट पोल प्रशांत किशोर को बढ़त दिखा रहे हैं, लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वास्तविक मुकाबला अभी भी भाजपा के पक्ष में जा सकता है। इसके पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं।
खबरें और भी
विश्लेषकों के अनुसार कम मतदान की स्थिति में संगठित कैडर वोट और मजबूत बूथ प्रबंधन निर्णायक भूमिका निभाते हैं। भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और बूथ स्तर का नेटवर्क माना जाता है।
इसके अलावा बांकीपुर विधानसभा लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के तत्कालीन उम्मीदवार और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को 98,299 वोट मिले थे।
वहीं राजद की रेखा गुप्ता को 46,363 वोट प्राप्त हुए थे। भाजपा ने यह सीट 51 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीती थी।
प्रशांत किशोर कितना लगा पाए वोटों में सेंध?
इस उपचुनाव का सबसे बड़ा सवाल यही है कि पहली बार बांकीपुर से चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर कितना नया वोट जोड़ पाए हैं।
भाजपा और राजद दोनों का अपना पारंपरिक वोट बैंक माना जाता है, जबकि प्रशांत किशोर के समर्थन में आने वाला वोट काफी हद तक नया या दूसरे दलों से स्थानांतरित होने वाला माना जा रहा है।
यही वजह है कि चुनाव परिणाम को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। अब इन तमाम अनुमानों और एग्जिट पोल की वास्तविकता का पता 3 अगस्त को मतगणना के साथ ही चलेगा।
तब यह स्पष्ट होगा कि बांकीपुर की जनता ने भाजपा के गढ़ को बरकरार रखा है या फिर जन सुराज ने बड़ा राजनीतिक उलटफेर कर दिया है।
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: BJP के अजय आलोक बोले- RJD और जन सुराज के बीच हुआ अंदरखाने समझौता, फर्जी हैं एग्जिट पोल
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: कम वोटिंग के बाद किसकी बढ़ी टेंशन? पिछले चुनावों के आंकड़े चौंकाएंगे