Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांकीपुर उपचुनाव: BJP के अजय आलोक बोले- RJD और जन सुराज के बीच हुआ अंदरखाने समझौता, फर्जी हैं एग्जिट पोल

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 04:19 PM (IST)

    भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने बांकीपुर उपचुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए राजद और जन सुराज के बीच "साइलेंट अंडरस्टैंडिंग" का आरोप लगाया। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. भाजपा ने बांकीपुर उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत का दावा किया।

    2. राजद और जन सुराज के बीच 'साइलेंट अंडरस्टैंडिंग' का आरोप।

    3. प्रशांत किशोर पर भाजपा विरोधी साजिश में शामिल होने का आरोप।

    राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में जन सुराज और उसके सूत्रधार प्रशांत किशोर पर कटाक्ष करते हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक जीत का दावा किया। ‎उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उसका विश्वास भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में है।

    उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान जनता का उत्साह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि भाजपा का जनाधार पहले से अधिक मजबूत हुआ है।

    ‎उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे चुनाव के दौरान राजद और जन सुराज के बीच एक "साइलेंट अंडरस्टैंडिंग" देखने को मिली। उन्होंने कहा कि कई मतदान केंद्रों पर राजद के कार्यकर्ता अपने समर्थकों को दूसरे प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करते नजर आए, जिससे दोनों दलों की अंदरूनी रणनीति उजागर हो गई।

    ‎प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिनका नाम प्रशांत किशोर है, वे न प्रशांत हैं और न किशोर, बल्कि "प्रखर कुटिल" हैं।

    उन्होंने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति पहले लगातार राजद और तेजस्वी यादव पर हमला बोलता था, उसने पूरे चुनाव में एक बार भी राजद के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की। इससे स्पष्ट है कि भाजपा को हराने के उद्देश्य से विपक्षी दलों के बीच अंदरखाने समझौता किया गया था।

    ‎भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव समाप्त होने के कुछ ही मिनटों बाद फर्जी सर्वे और एग्जिट पोल के माध्यम से भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया।

    'कार्यकर्ताओं के फीडबैक पर भरोसा करती है भाजपा'

    उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कथित सर्वे एजेंसियों के जरिए जनता के बीच कृत्रिम माहौल बनाने की कोशिश हुई, लेकिन जनता ने इन हथकंडों को पूरी तरह नकार दिया। भाजपा अपने संगठन और कार्यकर्ताओं के फीडबैक पर भरोसा करती है, न कि प्रायोजित सर्वेक्षणों पर।

    खबरें और भी

    ‎‎उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले ही अराजकता का माहौल बनाने और बाद में हार का ठीकरा प्रशासन एवं चुनाव आयोग पर फोड़ने की रणनीति तैयार कर ली गई थी।

    'जन सुराज ने विवाद खड़ा करने का प्रयास किया'

    ‎उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करता है और चुनाव प्रचार समाप्त होते ही क्षेत्र छोड़ देता है, लेकिन जन सुराज ने सहानुभूति और राजनीतिक लाभ के लिए विवाद खड़ा करने का प्रयास किया। विश्वास जताया कि तीन अगस्त को आने वाले परिणामों में भाजपा भारी बहुमत के साथ विजय प्राप्त करेगी।

    उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के उद्देश्य से किए गए सभी राजनीतिक प्रयोग विफल साबित होंगे और बांकीपुर एक बार फिर भाजपा का अभेद्य किला सिद्ध होगा। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि विकास की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए भ्रम और अराजकता फैलाने वाली ताकतों से सतर्क रहने की आवश्यकता है।

    ‎प्रेस वार्ता में भाजपा के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, कुम्हरार के विधायक संजय गुप्ता तथा भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू भी उपस्थित रहे।

    यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: कम वोटिंग के बाद किसकी बढ़ी टेंशन? पिछले चुनावों के आंकड़े चौंकाएंगे

    यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव में सख्ती, 2454 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई; 39 लोग हिरासत में लिए गए