बिहार के राज्यपाल ने की गुजरात मॉडल की तारीफ, कहा- विकास की राह पर लगातार आगे रहा राज्य
बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने गुजरात राज्य स्थापना दिवस समारोह में गुजरात के विकास मॉडल की सराहना की। उन्होंने गुजरात की आपदा प्रबंधन क्षमता, आर ...और पढ़ें
-1779652723256_m.webp)
राज्यपाल राज्यपाल सैयद अता हसनैन। जागरण
HighLights
राज्यपाल ने गुजरात के विकास मॉडल की सराहना की।
भुज भूकंप से उबरने और आपदा प्रबंधन को सराहा।
गुजरात की संस्कृति और आर्थिक प्रगति को बताया महत्वपूर्ण।
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने बिहार लोक भवन में एक भारत, श्रेष्ठ भारत के तहत गुजरात राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि गुजरात का विकास माडल पूरे देश के लिए अनुकरणीय है। वर्ष 2001 में भुंज में आए विनाशकारी भूकंप से भारी क्षति होने के बावजूद गुजरात ने अद्भुत धैर्य और संकल्प का परिचय दिया तथा विकास की राह पर निरंतर अग्रसर रहा। राज्य ने आपदा प्रबंधन और उससे निपटने की प्रभावी तैयारी के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि गुजरात राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है। प्राचीन काल का लोथल नामक महत्वपूर्ण बंदरगाह भी गुजरात में स्थित है। राज्य में अनेक नए शहरी केंद्र विकसित हुए हैं, जो इसकी तीव्र आर्थिक और औद्योगिक प्रगति के प्रतीक हैं।
विदेशी होने के बाद भी नहीं छोड़ी संस्कृति
गुजरात का प्रवासी समुदाय (डायस्पोरा) विश्वभर में फैला हुआ है, किंतु विदेशों में रहने के बावजूद वहां के लोगों ने अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखा है।
गुजरात के प्रसिद्ध गरबा नृत्य को उसकी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपरा के लिए यूनेस्को द्वारा मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर की सूची में शामिल किया गया है।
राज्यपाल ने कार्यक्रम में भारतमाता एवं सरदार बल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत के वीडियो संदेश का प्रसारण किया गया तथा गुजरात की संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम को बिहार लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष रवि मनुभाई परमार, लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, लेडी गवर्नर सबीहा हसनैन, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- बिहार में हरित जलवायु कोष के लिए लगेगा नया सेस, डिप्टी सीएम विजय कुमार ने की घोषणा
यह भी पढ़ें- बिहार में 177 कम्यूनिटी हेल्थ अफसरों की तैनाती, हर महीने मिलेगी ₹40 हजार सैलरी