बिहार शिक्षक बहाली: TRE-4 से पहले STET-2026 की मांग, पटना में BSEB के बाहर जोरदार प्रदर्शन
शिक्षक अभ्यर्थियों ने बीपीएससी टीआरई-4 विज्ञापन से पहले एसटीईटी-2026 परीक्षा आयोजित कराने की मांग को लेकर पटना में प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

TRE-4 से पहले STET-2026 की मांग, पटना में BSEB के बाहर जोरदार प्रदर्शन
HighLights
टीआरई-4 से पहले एसटीईटी-2026 परीक्षा की मांग।
2024-26 सत्र के डीएलएड, बीएड अभ्यर्थियों को मौका।
पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों का बिहार बोर्ड के सामने प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, पटना। बीपीएससी टीआरई-4 शिक्षक नियुक्ति विज्ञापन जारी होने से पहले एसटीईटी-2026 परीक्षा आयोजित कराने की मांग को लेकर गुरुवार को शिक्षक अभ्यर्थियों ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने कहा कि टीआरई-4 की अधिसूचना जारी करने से पहले एसटीईटी का आयोजन कराया जाए, ताकि 2024-26 सत्र के डीएलएड एवं बीएड अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिल सके।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता सौरभ कुमार सिंह ने कहा कि एसटीईटी-2025 के परिणाम को लेकर भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों में असंतोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों अभ्यर्थी परीक्षा में असफल घोषित किए गए, जिससे अभ्यर्थियों में नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि बिहार शिक्षा विभाग की ओर से हर वर्ष दो बार पात्रता परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन वर्ष 2026 में अब तक एक बार भी एसटीईटी परीक्षा आयोजित नहीं की गई है।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि वे पिछले दो वर्षों से टीआरई-4 शिक्षक बहाली का इंतजार कर रहे हैं और लगातार आंदोलन कर रहे हैं। अब जब चौथे चरण की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, तो उससे पहले पात्रता परीक्षा आयोजित करना जरूरी है।
उनका दावा है कि इससे पांच लाख से अधिक शिक्षक अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मिलकर अपनी मांगों से से अवगत कराया।
प्रदर्शन में राहुल कुमार यादव, नरेंद्र कुमार, प्रभाकर कुमार सिंह, नीतू कुमारी, रवि कुमार, राकेश पटेल समेत दर्जनों अभ्यर्थी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- TRE-4 को लेकर BPSC का बड़ा अपडेट, वायरल दावों पर आयोग ने तोड़ी चुप्पी; नोटिफिकेशन को लेकर कही यह बात