'यादव हो क्या?' सवाल के बाद AC कोच में बवाल: हरे गमछे वाले युवक से TTE की मारपीट का VIDEO वायरल, रेलवे ने किया सस्पेंड
झाझा रेलवे स्टेशन पर एक टीटीई द्वारा बिना टिकट यात्री से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन सवालों के घेरे में आ गया है। मामले के तूल पक ...और पढ़ें

वीडियो में टीटीई हरे गमछे वाले युवक के साथ धक्का-मुक्की करता दिखाई दे रहा है।
HighLights
झाझा स्टेशन पर टीटीई ने यात्री से मारपीट की।
'यादव हो क्या?' सवाल के बाद विवाद बढ़ गया।
वीडियो वायरल होने पर आरोपी टीटीई निलंबित हुआ।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार के झाझा रेलवे स्टेशन से सामने आए एक वायरल वीडियो ने रेलवे प्रशासन को सवालों के घेरे में ला दिया है। वीडियो में एक टीटीई हरे गमछे वाले युवक के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि युवक बिना टिकट एसी कोच में यात्रा कर रहा था। जांच के दौरान जुर्माना मांगने पर विवाद इतना बढ़ा कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
अब इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर बहस छिड़ गई है।
‘यादव हो क्या?’ सवाल के बाद बढ़ा विवाद!
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जांच के दौरान रेलवे स्टाफ और युवक के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। इसी दौरान कथित तौर पर युवक से उसकी जाति को लेकर सवाल पूछे जाने की भी चर्चा है।
इसके बाद माहौल और गरमा गया और प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। वीडियो में टीटीई युवक को पकड़कर धक्का देते और हाथापाई करते नजर आ रहा है।
आसपास मौजूद यात्री भी पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में रिकॉर्ड करते दिखे।
सोशल मीडिया पर VIDEO वायरल, रेलवे पर उठे सवाल
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यूजर्स ने रेलवे कर्मचारियों के व्यवहार को अमानवीय बताया।
लोगों का कहना है कि बिना टिकट यात्रा गलत हो सकती है, लेकिन मारपीट किसी भी हालत में सही नहीं है।
कुछ लोगों ने मामले को जातीय टिप्पणी से जोड़कर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि रेलवे प्रशासन ने जातीय टिप्पणी वाले दावे पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रेलवे प्रशासन ने लिया एक्शन, आरोपी TTE सस्पेंड
मामले के तूल पकड़ने के बाद दानापुर रेल मंडल ने तत्काल कार्रवाई की। दानापुर मंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि वीडियो पुराना है।
लेकिन जांच में टीटीई का व्यवहार रेलवे नियमों के खिलाफ पाया गया। इसके बाद आरोपी टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
रेल प्रशासन ने साफ कहा है कि यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जांच टीम गठित, रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। झाझा स्टेशन की यह घटना अब बिहार में चर्चा का बड़ा मुद्दा बन गई है।
सोशल मीडिया पर लोग रेलवे कर्मचारियों के व्यवहार और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पटना से राजगीर Malmas Mela जाने के लिए कौन सा रूट सबसे अच्छा? ट्रेन; AC बस या टोल फ्री रोड
यह भी पढ़ें- बिहार-UP के 7 जिलों को जोड़ने वाली 378 KM रेल लाइन पर काम तेज, सारण में बनेगा 49 KM नया ट्रैक