Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    विश्वास में भेज दी प्राइवेट फोटोज, ब्रेकअप के बाद हुईं पब्लिक; पटना में लगातार बढ़ रहे ब्लैकमेलिंग के मामले 

    Updated: Sun, 31 May 2026 05:16 AM (IST)

    पटना में निजी पलों की तस्वीरें प्रसारित करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। महिला थाना ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई कर रहा है ...और पढ़ें

    पटना में बढ़े ब्लैकमेलिंग के मामले। फोटो एआई जनरेटेड

    पटना में बढ़े ब्लैकमेलिंग के मामले। फोटो एआई जनरेटेड

    HighLights

    1. पटना में निजी तस्वीरों से ब्लैकमेलिंग के मामले लगातार बढ़ रहे।

    2. महिला थाना प्रतिदिन तीन-चार ऐसे मामलों की जांच कर रहा।

    3. पुलिस ने युवतियों को निजी तस्वीरें साझा न करने की सलाह दी।

    जागरण संवाददाता, पटना। परिचित और प्रेमी से खटपट होने पर निजी पलों की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जो काफी चिंताजनक है। गर्दनीबाग स्थित महिला थाने में ऐसे तीन से चार मामले प्रतिदिन पहुंच रहे हैं। युवतियां धमकी से परेशान होकर पुलिस से मदद मांग रही हैं।

    महिला थाने की एसएचओ अप्सा परवीन ने बताया कि युवतियों को तत्काल राहत देने के लिए पुलिस पहले मोबाइल से आपत्तिजनक सामग्री हटवाती है और पूरे मामले की जांच करती है। गंभीर साइबर अपराध से जुड़े मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए साइबर सेल को भेज दिया जाता है।

    अप्सा परवीन ने युवतियों को सलाह दी कि चाहे रिश्ता कितना भी गहरा हो, निजी तस्वीर साझा करने से बचें। अनबन होने पर उक्त वीडियो और निजी तस्वीरें परेशानी का कारण बन सकती हैं।

    पुलिस तक मामला पहुंचने पर हुई कार्रवाई

    महिला थाने में शिकायत के लिए पहुंची पटना सिटी की एक युवती ने बताया कि घर में आने-जाने के कारण दोनों के बीच विश्वास बढ़ा। इसी दौरान उसने अपनी कुछ निजी तस्वीरें साझा की थीं।

    अब आपसी विवाद और कहासुनी के बाद युवक तस्वीर और वीडियो प्रसारित करने की धमकी दे रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाने की टीम ने तत्काल युवक के मोबाइल से निजी तस्वीर और वीडियो को हटवाया। जांच के लिए मोबाइल जब्त कर लिया गया है और दोनों पक्षों की काउंसिलिंग कराई जा रही है।

    खबरें और भी

    भरोसे में भेजी निजी तस्वीर, ब्रेकअप के बाद पब्लिक 

    एक अन्य मामले में युवती ने आरोप लगाया कि उसकी पहचान इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक युवक से हुई थी। बातचीत होते-होते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती ने विश्वास में आकर अपनी कुछ निजी तस्वीरें साझा कर दीं।

    कुछ समय बाद दोनों के संबंध खराब हो गए। युवती का आरोप है कि संबंध समाप्त होने के बाद युवक लगातार फोन और मैसेज कर उसे परेशान करने लगा।

    विरोध करने पर उसने निजी तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। धमकी से डरी युवती ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए बुलाया है और उसके मोबाइल की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

    यह भी पढ़ें- बिहार में 4 सहेलियों ने चॉकलेट समझकर खाई सल्फास की गोली, 1 की मौत और 3 की हालत गंभीर

    यह भी पढ़ें- चारधाम हेली बुकिंग धोखाधड़ी: बिहार से दो जालसाज गिरफ्तार, लाखों की ठगी का खुलासा