समस्तीपुर में दर्दनाक हादसा: बेकाबू ट्रैक्टर ने ली जवान बेटे की जान, दरवाजे पर बैठे माता-पिता घायल
समस्तीपुर के आधारपुर में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर घर में घुस गया, जिससे दरवाजे पर बैठे दंपती और उनके बेटे को रौंद दिया। इस हादसे में बेटे धर् ...और पढ़ें

हादसे के बाद परिवार में कोहराम। फोटो जागरण
HighLights
तेज रफ्तार ट्रैक्टर घर में घुसा, रौंदा दंपती-पुत्र को।
हादसे में बेटे धर्मेंद्र कुमार राम की मौके पर मौत।
गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। कर्पूरीग्राम थाना के आधारपुर में शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार अनियंत्रित छड़ लदा ट्रैक्टर दंपती व उनके पुत्र को रौंदते हुए घर में घुस गई। घटना में दंपती का जख्मी होना बताया गया है। जबकि, उनके पुत्र की मौत हो गई।
मृतक की पहचान आधारपुर वार्ड 8 के विंदेश्वर राम और जमुनिया देवी के पुत्र धर्मेन्द्र कुमार राम के रूप में हुई। बताया गया कि सुबह ताजपुर की तरह से एक छड़ लदा ट्रैक्टर बाजार की तरफ आ रहा था। इसी बीच वह अनियंत्रित हो दंपती के घर की तरफ मुड़ गया।
दरवाजे पर बैठे दंपती और उसके पुत्र को रौंदते हुए वह आगे बढ़ गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर का चालक मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां से सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल पहुंचने पर धर्मेंद्र को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि, दंपती को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें पति की हालत गंभीर बताई गई है। वहीं, पत्नी को घटना में गहरी चोट आयी है।
खबरें और भी
गुस्साए ग्रामीणों ने जाम किया सड़क
घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने ताजपुर समस्तीपुर पथ को जाम कर दिया। सूचना पर कर्पूरीग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।
वहीं आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया गया। इस दौरान करीब चार घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक मोबाइल देख रहा था।
अचानक से ब्रेकर पर उसकी नजर पड़ी। लेकिन, वह गाड़ी को नियंत्रित नहीं कर सका। वहीं, गाड़ी पटना के किसी ट्रेडर्स की बताई गई है, जो सामान लेकर यहां किसी को डिलेवरी देने पहुंची थी।
थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है। ट्रैक्टर जब्त कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
एकलौता कमाऊ पूत था धर्मेन्द्र
हादसे में मृत धर्मेन्द्र कुमार राम अपने घर का एकलौता कमाऊ पूत था। उसके उपर पत्नी और एक बच्चे के अलावा वृद्ध माता-पिता का भी बोझ था। उसके चले जाने से सभी पर मानों दुखों का पहाड़ ही टूट पड़ा था।
उसकी मौत की जानकारी मिलते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल बना है। वह बार-बार बेसुध हो रही थी। बताया गया कि धर्मेंद्र मजदूरी कर अपना और अपने परिवार का किसी तरह से भरन पोषण किया करता था। घटना से ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश था। सभी मृतक के स्वजनों को समुचित मुआवजा देने की मांग कर रहे।