राघोपुर होकर चलेगी किशनगंज से उत्तराखंड के लालकुआं तक होली स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल
रेलवे ने होली पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए किशनगंज-लालकुआं होली स्पेशल ट्रेन (05741/05742) चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन 5 मार्च स ...और पढ़ें

राघोपुर होकर चलेगी किशनगंज से उत्तराखंड के लालकुआं तक होली स्पेशल ट्रेन
HighLights
होली पर किशनगंज-लालकुआं स्पेशल ट्रेन की घोषणा।
कोसी, मिथिला, सीमांचल को उत्तराखंड से जोड़ेगी ट्रेन।
यात्रियों और पर्यटकों को मिलेगी सीधी रेल सुविधा।
संवाद सूत्र, राघोपुर (सुपौल)। होली पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने किशनगंज-लालकुआं होली स्पेशल ट्रेन (05741/05742) चलाने की घोषणा की है। यह स्पेशल ट्रेन कोसी, मिथिला एवं सीमांचल क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी और यात्रियों को उत्तराखंड तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध कराएगी।
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 05741 किशनगंज-लालकुआं होली स्पेशल 05 मार्च से 26 मार्च 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को सुबह 08:30 बजे किशनगंज से प्रस्थान करेगी।
यह ट्रेन ठाकुरगंज, अररिया, फारबिसगंज, ललितग्राम, राघोपुर, झंझारपुर, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, गोरखपुर एवं सीतापुर के रास्ते अगले दिन 15:40 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 05742 लालकुआं-किशनगंज होली स्पेशल 06 मार्च से 27 मार्च 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को रात्रि 08:40 बजे लालकुआं से प्रस्थान करेगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए रविवार की मध्य रात्रि 02:00 बजे किशनगंज पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन से कोसी, मिथिला और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। होली के अवसर पर बड़ी संख्या में बाहर कार्यरत श्रमिक, विद्यार्थी एवं व्यवसायी अपने गृह क्षेत्र आते-जाते हैं। ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन से भीड़ का दबाव कम होगा और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा।
गौरतलब है कि लालकुआं जंक्शन से नैनीताल, भीमताल और कैंची धाम जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के लिए सुगम सड़क संपर्क उपलब्ध है। ऐसे में यह ट्रेन केवल होली पर्व विशेष पर यात्रियों के आवागमन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पर्यटन एवं धार्मिक यात्राओं के दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।