Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कोसी और सीमांचल में आतंक मचाने वाला मोटरसाइकिल चोर 'लंगड़ा' गिरफ्तार, पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

    Updated: Mon, 11 May 2026 03:21 PM (IST)

    कोसी और सीमांचल क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सरगना 'लंगड़ा' को सुपौल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर। (जागरण)

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर। (जागरण)

    HighLights

    1. कोसी-सीमांचल में सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का सरगना गिरफ्तार।

    2. 'लंगड़ा' नाम के आरोपी को भपटियाही पुलिस ने पकड़ा।

    3. गिरोह के दो अन्य सहयोगी भी हिरासत में लिए गए।

    संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल)। कोसी और सीमांचल क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर लोगों के बीच दहशत फैलाने वाले गिरोह के सरगना को भपटियाही थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

    गिरफ्तार आरोपी की पहचान 'लंगड़ा' के रूप में हुई है, जो अररिया जिले के नरपतगंज क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके साथ गिरोह के दो अन्य सहयोगियों को भी हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

    जानकारी के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से सुपौल, अररिया, सहरसा और आसपास के सीमांचल क्षेत्रों में सक्रिय था।

    गिरोह का मुख्य निशाना प्रखंड कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय, बैंक परिसर तथा भीड़भाड़ वाले सरकारी संस्थान होते थे, जहां लोग अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर कामकाज में व्यस्त हो जाते थे। इसी दौरान गिरोह के सदस्य बेहद शातिर तरीके से वाहनों की चोरी कर फरार हो जाते थे।

    हाल ही में 8 मई को सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड कार्यालय परिसर से कुंदन कुमार नामक युवक की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी।

    पुलिस ने 'लंगड़ा' को दबोचा

    घटना के बाद पीड़ित द्वारा थाना में आवेदन दिया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसकी पहचान 'लंगड़ा' के रूप में की गई।

    इसके बाद भपटियाही थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर अररिया जिले के नरपतगंज में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा।

    खबरें और भी

    पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी के पास से चोरी की कई घटनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी मोटरसाइकिलों की चोरी की है और चोरी के वाहनों को कहां बेचा जाता था।

    गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं से लोग काफी परेशान थे।

    पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- बेगूसराय में नगर निगम के गंदे पानी में डूबने से दो युवकों की मौत, ग्रामीणों ने किया NH-31 जाम

    यह भी पढ़ें- सहरसा में पुलिस की कार्रवाई, खादीपुर हाट मैदान से 85 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ 2 तस्कर दबोचे