वैशाली के बिदुपुर-कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित, प्रशासन ने जारी किया वैकल्पिक रूट
हाजीपुर में बिदुपुर-कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल के पाया संख्या 23 से 67 के बीच आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह निर्णय निर्माण कार्य की सुरक ...और पढ़ें

बिदुपुर-कच्ची दरगाह ब्रिज। फाइल फोटो
HighLights
पुल के पाया 23 से 67 तक आवागमन बंद।
निर्माण कार्य की सुरक्षा और जनहित में प्रतिबंध।
वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। बिदुपुर-कच्ची दरगाह (ग्रीन फील्ड सिक्स लेन अतिरिक्त केबल-स्टे पुल परियोजना) के पाया संख्या 23 से 67 के बीच अगले आदेश तक सभी प्रकार के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर यह निर्णय निर्माण कार्य को सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से पूरा कराने तथा जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। यह कार्रवाई पथ निर्माण विभाग, बिहार सरकार के सचिव के निर्देश तथा परियोजना निर्माण एजेंसी के अनुरोध पर की गई है।
बताया गया कि निर्माणाधीन पुल के पाया संख्या-23 से पाया संख्या-67 के बीच तेजी से कार्य चल रहा है। ऐसे में निर्माण कार्य में लगे अभियंताओं एवं श्रमिकों की सुरक्षा तथा संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुल पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए दोनों प्रमुख स्थलों पर नए दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। प्रतिदिन तीन पालियों में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी 24 घंटे तैनात रहेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि अगले आदेश तक पुल पर किसी भी प्रकार का यातायात संचालित न हो।
उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर लगातार मौजूद रहकर किसी भी परिस्थिति में पुल पर आवागमन नहीं होने दें।
यदि कोई व्यक्ति या असामाजिक तत्व जबरन पुल से गुजरने का प्रयास करता है अथवा विधि-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करता है तो उसे तत्काल चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, हाजीपुर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर को प्रतिवेदन उपलब्ध कराते हुए जिला प्रशासन को भी सूचित करेंगे।
खबरें और भी
हर घंटे भेजनी होगी रिपोर्ट
प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी, बिदुपुर और राघोपुर के साथ-साथ बिदुपुर एवं रुस्तमपुर थाना पुलिस को भी नियमित गश्त कर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रत्येक घंटे अपनी उपस्थिति तथा पुल की अद्यतन स्थिति का फोटो वैशाली ला एंड आर्डर व्हाट्सएप समूह में साझा करना अनिवार्य किया गया है, ताकि जिला प्रशासन लगातार निगरानी रख सके।
वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
जिलाधिकारी ने कहा है कि आदेश के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उपयोग करने का प्रयास न करें तथा वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से जारी इस प्रतिबंध का सभी नागरिक सहयोगपूर्वक पालन करें, ताकि पुल निर्माण कार्य निर्धारित समय पर सुरक्षित रूप से पूरा किया जा सके।
यह भी पढ़ें- बख्तियारपुर स्टेशन का नाम बदलने की मांग तेज, पटना में किया गया धरना प्रदर्शन
यह भी पढ़ें- CM सम्राट का बंगला अब निशांत कुमार के नाम, पटना में राबड़ी देवी ने भी नए घर में किया गृह प्रवेश